वेनेजुएला के 65 अरब बैरल तेल भंडार पर अमेरिका का कंट्रोल- जानिए कैसे
न्यूयार्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के साथ एक ऐतिहासिक तेल समझौते का ऐलान किया है। ट्रंप ने इसे ‘दुनिया के इतिहास की सबसे बड़ी तेल डील’ करार देते हुए दावा किया कि इसके जरिए अमेरिका ने निजी कंपनियों और सरकार की साझेदारी के तहत वेनेजुएला के 65 अरब बैरल से ज्यादा के प्रमाणित तेल भंडार पर बड़ा नियंत्रण हासिल कर लिया है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि इस कदम से कच्चे तेल की वैश्विक सप्लाई बढ़ेगी, अमेरिकी रणनीतिक तेल भंडार मजबूत होगा और देश में ईंधन की कीमतों में कमी आएगी।
‘टैक्सपेयर्स का एक भी पैसा खर्च नहीं हुआ’
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस समझौते की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो और युद्ध मंत्री (Secretary of War) पीट हेगसेथ ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ मिलकर इस डील को अंतिम रूप दिया है।
ट्रंप के मुताबिक, निजी कंपनियों के साथ मिलकर किए गए इस समझौते से अमेरिका को वेनेजुएला के 65 अरब बैरल से अधिक प्रमाणित तेल भंडार पर नियंत्रण मिला है और इसके लिए अमेरिकी करदाताओं का कोई पैसा खर्च नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इससे अमेरिकी ऊर्जा आपूर्ति दोगुनी से भी अधिक हो जाएगी और आम जनता को सस्ते पेट्रोल-डीजल का फायदा मिलेगा।
100 साल के लिए मिला तेल क्षेत्रों का अधिकार
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने समझौते की संरचना की जानकारी देते हुए बताया कि अमेरिका और वेनेजुएला की एक निजी कंपनी मिलकर एक नया संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) चलाएंगे। अमेरिकी समर्थन से डेल्सी रोड्रिगेज ने इस नए प्राइवेट वेंचर को संबंधित तेल क्षेत्रों के संचालन के लिए 100 साल का अधिकार दिया है।
इस समझौते के तहत अमेरिका को नए उपक्रम से उत्पादित होने वाले कुल तेल का 55 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। अनुमान जताया जा रहा है कि तेल भंडार के मामले में यह उपक्रम दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी निजी तेल कंपनी का रूप ले सकता है।
स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व और सेना की ऊर्जा जरूरतें होंगी पूरी
सीएनएन (CNN) की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सरकार ने इक्विटी ओनरशिप और ‘एट-कॉस्ट ऑफ-टेक’ (लागत मूल्य पर खरीद की गारंटी) के जरिए इस नई कंपनी की आधी से ज्यादा हिस्सेदारी अपने नाम की है। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस समझौते से मिलने वाले कच्चे तेल का इस्तेमाल अमेरिका के सामरिक पेट्रोलियम भंडार (Strategic Petroleum Reserve) को दोबारा भरने और अमेरिकी सेना की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
वेनेजुएला को भारी राजस्व और नौकरियों की उम्मीद
वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि इससे देश के सरकारी खजाने में भारी राजस्व आएगा। रोड्रिगेज ने कहा कि वेनेजुएला अपने विशाल प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल एक बड़े वैश्विक ऊर्जा उत्पादक के रूप में उभरने के लिए करना चाहता है। उनके अनुसार, यह परियोजना देश में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी, श्रमिकों की आय बढ़ाएगी और वेनेजुएला के लोगों के लिए आर्थिक सुधार, विकास और सुरक्षा के एक नए दौर की शुरुआत करेगी।
