अमेरिका में हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश नाकाम, 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस गिरफ्तार

usa

अमेरिका के इलिनोइस (Illinois) राज्य से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। नवरात्रि के पावन अवसर पर यहाँ पुलिस ने एक हिंदू मंदिर पर मास शूटिंग (Mass Shooting) की योजना बना रहे 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। राहत की बात यह रही कि आरोपी की राइफल में तकनीकी खराबी आने (गन जैम होने) के कारण वह वारदात को अंजाम नहीं दे सका और समय रहते पुलिस ने उसे दबोच लिया।

सहकर्मी की सतर्कता से बची कई जानें

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की पहचान एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस (Alexandros Paporakis) के रूप में हुई है, जो पैलेटाइन, इलिनोइस का रहने वाला है और एक लोकल टैको बेल में काम करता है। यह पूरा मामला तब खुला जब आरोपी ने अपने एक सहकर्मी को कुछ संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक संदेश और एक घोषणापत्र (Manifesto) भेजा।

अभियोजकों और पुलिस ने बताया कि पैपोराकिस ने एक सहकर्मी को मैसेज भेजकर मास शूटिंग की अपनी योजना का खुलासा किया था। उसने बताया कि वह शनिवार को ऑरोरा (Aurora) स्थित एक हिंदू मंदिर में हमला करने गया था, लेकिन जैसे ही उसने ट्रिगर दबाया, उसकी राइफल जैम हो गई और फायर नहीं हुआ। इसके बाद वह घबराकर घर लौट आया और इंटरनेट पर राइफल ठीक करने के तरीके खोजने लगा। सहकर्मी ने खतरे को भांपते हुए तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दे दी।

हथियार, मैगजीन और श्वेत वर्चस्ववादी दस्तावेज बरामद

सूचना मिलते ही पैलेटाइन और माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने पैपोराकिस को उसके घर से बाहर निकलते ही गिरफ्तार कर लिया। उसके घर की तलाशी लेने पर एक मॉडिफाइड AR-स्टाइल राइफल, 300 राउंड गोलियां (जिनसे 10 मैगजीन भरी जा सकें), टैक्टिकल वेस्ट और भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए।

जांचकर्ताओं को उसके पास से एक आठ पन्नों का दस्तावेज मिला, जिसका शीर्षक “Why I Fought: A.K.A.: (Aurora Shooter’s Manifesto)” था। पुलिस के अनुसार, इस दस्तावेज में श्वेत वर्चस्ववादी (White Supremacist) और चरमपंथी विचार शामिल थे, जिसमें विशेष रूप से दक्षिण एशियाई मूल और भारतीय वंश के लोगों के खिलाफ हिंसा भड़काने की बातें लिखी गई थीं।

कोर्ट ने दिया हिरासत में भेजने का आदेश

पुलिस ने पैपोराकिस पर आतंकवादी धमकी देने और अवैध रूप से हथियार रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान जज ने आरोपी को हिरासत में भेजने का आदेश दिया है, और अब उसे 30 अक्टूबर को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। साथ ही, पैलेटाइन पुलिस विभाग इस मामले में एफबीआई (FBI) के साथ मिलकर आगे की जांच कर रहा है और ऑरोरा इलाके के अन्य हिंदू पूजा स्थलों को भी सतर्क कर दिया गया है।