पत्नी मायके में थी तो पिता ने ढाई साल के मासूम बेटे पर छिड़का पेट्रोल, जिंदा जलाकर मार डाला
गुजरात के बनासकांथा जिले के सुइगाम इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पिता ने अपनी पत्नी के घर पर न होने और अकेले बच्चे की देखभाल करने से परेशान होकर अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसे बच्चे की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच में जुटी है।
पत्नी के मायके जाने के बाद बना तनाव
वाव-थराद जिला पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक घटना सुइगाम के रावलवास इलाके की है, जहाँ आरोपी अशोक रावल रहता था। करीब 3 महीने पहले अशोक और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद पत्नी अपना घर छोड़कर मायके चली गई थी। लेकिन वह अपने ढाई साल के छोटे बच्चे को पति के पास ही छोड़ गई थी।
इसके बाद से आरोपी अशोक ही बच्चे की देखभाल कर रहा था। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि अशोक अकेले बच्चे को पालने से परेशान हो चुका था और उसकी देखभाल करने में खुद को असमर्थ महसूस कर रहा था। इसी झुंझलाहट और गुस्से में उसने अपने ही मासूम बेटे पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी।
शव को गुपचुप दफनाने की कोशिश
घटना के बाद जब बच्चा बुरी तरह झुलस गया, तो आरोपी पिता खुद उसे अस्पताल लेकर भागा, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद आरोपी के परिवार वालों ने मामले को दबाने की कोशिश की और पुलिस को बिना सूचना दिए स्थानीय श्मशान घाट में शव को गुपचुप तरीके से दफना दिया ताकि किसी को सच्चाई का पता न चल सके।
हालांकि, जब इस घटना की भनक आरोपी के चाचा बाबूभाई रावल को लगी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तुरंत श्मशान पहुंचकर बच्चे के शव को बाहर निकलवाया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पिता अशोक रावल को गिरफ्तार कर लिया है और उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।
