August 24, 2026

UPPSC में नौकरी दिलाने के नाम पर प्रोफेसर ने दिव्यांग से 7.50 लाख ठगे, SC-ST एक्ट में फंसाने की धमकी

money_1787572161693_178757216198

लखनऊ: लोक सेवा आयोग प्रयागराज में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अमेठी के एक कॉलेज प्रोफेसर पर दिव्यांग युवक से साढ़े सात लाख रुपये लेने का आरोप लगा है। नौकरी नहीं मिलने और रकम वापस न होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। अमेठी कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के तेलियानी लोनियापुर निवासी राम बहाल शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दोनों पैरों से दिव्यांग है। उसने परास्नातक की पढ़ाई आरआरपीजी कॉलेज अमेठी से की है। पढ़ाई के दौरान कॉलेज के प्रोफेसर राधेश्याम सरोज निवासी ननौती, प्रतापगढ़ से उसके अच्छे संबंध हो गए थे।

नौकरी के नाम पर साढ़े 7 लाख ठगे

आरोप है कि वर्ष 2021-22 में प्रोफेसर ने राम बहाल को लोक सेवा आयोग, प्रयागराज में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके लिए साढ़े सात लाख रुपये मांगे। पीड़ित के मुताबिक, रकम जुटाने के लिए उसके पिता ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से 3.50 लाख रुपये निकाले, जबकि चार लाख रुपये ब्याज पर जमीन का एग्रीमेंट कराकर जुटाए। इसके बाद पूरी रकम प्रोफेसर के खाते में भेजी गई।

प्रोफेसर पर दिव्यांग से ठगी का आरोप

काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली तो राम बहाल ने प्रोफेसर से रुपये वापस मांगे। आरोप है कि प्रोफेसर ने उसे एक चेक दिया, लेकिन बैंक में जमा करने पर चेक बाउंस हो गया। इसके बाद पीड़ित ने दोबारा रकम लौटाने के लिए दबाव बनाया। राम बहाल का आरोप है कि शिकायत करने पर प्रोफेसर ने उसके साथ गाली-गलौज की और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, कर्ज लेकर रकम देने के कारण ब्याज बढ़ता गया और अब उस पर 13 लाख रुपये से अधिक की देनदारी हो चुकी है। उसने पुलिस से कार्रवाई कर रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि आर्थिक परेशानी के कारण वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है और रकम वापस नहीं मिलने पर आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो सकता है। अमेठी कोतवाली के एसएचओ शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।