यूपी में रक्षाबंधन पर 27 की सुबह से बसों में महिलाएं कर सकेंगी फ्री यात्रा, सिटी बसों में भी चल सकेंगी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन में महिलाओं का सफर आसान हो सके इसके लिए योगी सरकार ने सहूलियत दी है। सरकार ने महिलाओं को इस बार भी बसों में फ्री यात्रा की सौगात दी है। इस बार रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को है। महिलाएं एक दिन पहले से एक दिन बाद तक रोडवेज बसों में और सिटी बसों में नि:शुल्क सफर कर सकेंगी। महिलाओं को नि:शुल्क सफर की सुविधा 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक मिलेगी। खासबात यह है कि महिलाओं के साथ एक यात्री भी नि:शुल्क सफर का लाभ उठा सकता है। जहां महिलाओं को जीरो मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा।
लखनऊ में रक्षाबंधन पर्व के दौरान सात मार्गो पर 115 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कराया जाएगा। यह बसें दुबग्गा डिपो से रवाना होकर शहर के विभिन्न सात मार्गो पर संचालित की जाएगी। सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी और परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि रोडवेज बसों में 66 घंटे तक महिलाएं एक सहवर्ती(महिला के साथ एक यात्री) लेकर नि:शुल्क सफर कर सकती है। जबकि सिटी बसों में 27 अगस्त को सुबह छह बजे से शाम सात बजे तक 29 अगस्त तक नि:शुल्क सेवा का लाभ महिलाएं उठा सकती हैं।
बनारस, प्रयागराज व बहराइच रूट पर 5 नई बसें
रक्षाबंधन पर्व पर पांच नई एसी बसें चलाई जाएंगी। इनमें दो बसें आलमबाग से प्रयागराज, दो बसें आलमबाग से बनारस और एक बस कैसरबाग से बहराइच के बीच चलाई जाएगी। नई बसों का संचालन 27 अगस्त से शुरू होगा। यह बसें अवध बस डिपो की होंगी, जोकि आलमबाग और कैसरबाग बस अड्डे से चलाई जाएंगी।
लखनऊ से 12 शहरों के लिए अतिरिक्त बसें 26 से
रक्षाबंधन लिहाज से यात्रियों की भीड़ की संभावना पर 26 अगस्त से अतिरिक्त रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। यात्रियों को अतिरिक्त बसों की सुविधा 31 अगस्त तक मिलेगी। अतिरिक्त बसों का संचालन लखनऊ से 12 शहरों के बीच किया जाएगा। जहां पर सवारियों की सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। ऐसे शहरों में लखनऊ से देहरादूर, दिल्ली, बनारस, प्रयागराज, गोरखपुर, बरेली, अलीगढ़, बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, अयोध्या, रायबरेली और कानपुर के बीच हर समय बसें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए है। यात्रियों को बसों की सुविधाएं आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशन से हर हर समय उपलब्ध रहेंगी। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि बसों को ऑन रोड कराने के लिए अभी से मरम्मत के निर्देश दिए है।
