यूपी चुनाव 2027: कांग्रेस ने कसी कमर, सपा से सीट बंटवारे पर राहुल गांधी बोले- ‘गठबंधन सम्मानजनक होना चाहिए’
उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव (UP Election 2027) को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक बिसात बिछानी शुरू कर दी है। चुनाव की तैयारियों और रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान और उत्तर प्रदेश कांग्रेस (UP Congress) के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक हुई।
इस हाई-लेवल बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge), पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, यूपी कांग्रेस की नेता आराधना मिश्रा, सांसद इमरान मसूद और प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे।
सपा के साथ सीट शेयरिंग पर क्या बोले राहुल गांधी?
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के साथ गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर स्पष्ट रुख सामने रखा। राहुल गांधी ने कहा कि सपा के साथ सीट शेयरिंग (Seat Sharing) “सम्मानजनक होनी चाहिए”। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सबको साथ लेकर चलना होगा, क्योंकि समाजवादी पार्टी यूपी में हमारी महत्वपूर्ण अलायंस पार्टनर है।
कांग्रेस ने बनाई 5 सदस्यीय समन्वय समिति
सूत्रों ने यह भी बताया कि यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीतियों को धार देने और अखिलेश यादव के साथ बातचीत के लिए कांग्रेस ने एक 5 सदस्यीय अहम कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी सपा नेतृत्व के साथ सीटों के बंटवारे से लेकर अन्य सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन और समन्वय स्थापित करेगी। इस कमेटी में प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेन्द्र पाल गौतम, इमरान मसूद और अराधना मिश्रा ‘मोना’ को शामिल किया गया है।
‘यूपी की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है’
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि आज यूपी कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई है।
खरगे ने कहा, “उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है।” उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि कांग्रेस पार्टी, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत राजनीतिक विकल्प पेश करेगी।
दो अहम मुद्दों पर फंसा है पेंच
कांग्रेस की यह अहम बैठक ऐसे समय में हुई है, जब यूपी में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच मुख्य रूप से दो मसलों पर काफी समय से पेंच फंसा हुआ है:
-
सीटों का बंटवारा: हाल ही में अखिलेश यादव ने दावा किया था कि कांग्रेस ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की बड़ी डिमांड की है।
-
स्वामी प्रसाद मौर्य की एंट्री: कांग्रेस पिछड़े वर्ग के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य को INDIA गठबंधन में शामिल करने की कवायद में है। हाल ही में मौर्य की राहुल गांधी से मुलाकात भी हुई थी, जिसके बाद अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, अखिलेश यादव मौर्य को गठबंधन में लाने से साफ तौर पर इनकार कर चुके हैं।
यूपी में कांग्रेस का पिछला प्रदर्शन
गौरतलब है कि यूपी के पिछले दो विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मात्र 2.33 फीसदी वोट मिले थे और पार्टी केवल 2 सीटें जीत पाई थी। वहीं, इससे पहले 2017 के चुनाव में पार्टी को 6.25 फीसदी वोट के साथ 7 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था।
