पठानकोट में गन पॉइंट पर XUV लूटी, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट
पंजाब के सीमावर्ती जिले पठानकोट (Pathankot) में एक बार फिर बड़ी वारदात सामने आई है। नेशनल हाईवे पर गन पॉइंट पर एक सफेद रंग की महिंद्रा XUV500 कार हाईजैक (Car Hijack) कर ली गई है। लुटेरों के जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) की तरफ भागने की जानकारी मिलने के बाद, पंजाब और जम्मू-कश्मीर दोनों राज्यों में आतंकी हमले (Terror Attack) की आशंका को देखते हुए हाई अलर्ट (High Alert) घोषित कर दिया गया है।
पठानकोट पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत एक्शन मोड में आ गई हैं। पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है क्योंकि अतीत में इसी इलाके में कार हाईजैक करके दो बड़े आतंकी हमलों को अंजाम दिया जा चुका है।
गन पॉइंट पर कार लूटी, ड्राइवर को हाईवे पर फेंका
यह पूरी वारदात पठानकोट जिले के सुजानपुर (Sujanpur) के डाउनटाउन इलाके में पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर हुई। छीनी गई सफेद रंग की महिंद्रा XUV500 का रजिस्ट्रेशन नंबर PB35AA-9902 है। जानकारी के मुताबिक, यह कार बमियाल के रहने वाले एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है।
पठानकोट के SSP मनप्रीत सिंह (SSP Manpreet Singh) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात बदमाशों ने इस वारदात को रात करीब 11 बजे अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि लुटेरों ने ड्राइवर का अपहरण नहीं किया, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी देकर हाईवे पर ही छोड़ दिया और कार लेकर फरार हो गए।
राहगीर के फोन से दी गई पुलिस को सूचना
हाईवे पर छोड़े गए घबराए हुए ड्राइवर ने एक राहगीर की मदद से उसके फोन से पुलिस को घटना की जानकारी दी। ड्राइवर ने पुलिस को यह भी बताया कि लुटेरे कार छीनने के बाद जम्मू-कश्मीर की तरफ गए हैं।
J&K पुलिस अलर्ट पर, सीमाओं पर नाकेबंदी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पठानकोट पुलिस ने तुरंत जम्मू-कश्मीर पुलिस (J&K Police) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया।
-
दोनों राज्यों के इंटर-स्टेट बॉर्डर (Inter-State Border) और नेशनल हाईवे पर लगे नाकों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।
-
हर गुजरने वाले वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है।
-
पंजाब पुलिस कार मालिक को भी तलाश रही है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह इनपुट जुटाने में जुटी हैं कि यह केवल एक साधारण कार लूट की घटना है या इसके पीछे किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश रची जा रही है।
कार लूट कर ही हुए थे पठानकोट और गुरदासपुर हमले
पुलिस और एजेंसियों की चिंता इसलिए ज्यादा है क्योंकि पंजाब के पठानकोट और गुरदासपुर में पहले भी कार हाईजैक करके ही खूनी आतंकी हमले किए गए थे:
-
दीनानगर हमला (जुलाई 2015): 3 आतंकियों ने नेशनल हाईवे से एक सफेद रंग की मारुति 800 कार हाईजैक की थी। उन्होंने ड्राइवर को अधमरा कर हाईवे पर फेंक दिया था और फिर गुरदासपुर जिले के दीनानगर पुलिस स्टेशन में घुसकर फायरिंग की थी। इस हमले में 4 पुलिसकर्मी और 3 नागरिक मारे गए थे। तीनों आतंकियों को भी ढेर कर दिया गया था।
-
पठानकोट एयरबेस हमला (1 जनवरी 2016): पाकिस्तान से आए जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammed) के आतंकवादियों ने पंजाब पुलिस के तत्कालीन SP सलविंदर सिंह की नीली बत्ती वाली गाड़ी हाईजैक की थी। इसी गाड़ी का इस्तेमाल करके वे पठानकोट एयरबेस (Pathankot Airbase) तक पहुंचे और बड़ा हमला किया। इस हमले में 7 जवान शहीद हुए थे, जबकि सभी आतंकवादी मारे गए थे।
