पाकिस्तान को चीन के समर्थन से ‘टू-फ्रंट वॉर’ की स्थिति, भारत-चीन के बीच अविश्वास कायम

india-china

भारत का मुकाबला करने के लिए पाकिस्तान को चीन से समर्थन मिलने का जिक्र एक अमेरिकी रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के साथ चीन की बढ़ती सैन्य साझेदारी ने भारत के सामने टू-फ्रंट वॉर की स्थिति खड़ी कर दी है, जिसे चिंताजनक बताया गया है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत और चीन के बीच अविश्वास अभी भी काफी बना हुआ है। मई 2025 में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत-पाकिस्तान संघर्ष ने यह दिखाया कि चीन सीधे लड़ाई में शामिल हुए बिना संकट के समय पाकिस्तान को मदद पहुंचा सकता है। इससे भारत की यह चिंता बढ़ी है कि भविष्य में पाकिस्तान के साथ किसी संघर्ष में चीन मदद दे सकता है।

चीन की दबाव की रणनीति और भारत की क्षमता

अमेरिकी रिपोर्ट के अनुसार, भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है जिनके पास आबादी, आर्थिक, सैन्य और भौगोलिक क्षमता मौजूद है, जो चीन की ताकत को काफी हद तक प्रभावित कर सकती है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन भारत के विकास को एक चुनौती के रूप में देखता है। उसे सीमित करने के लिए चीन सैन्य, आर्थिक, समुद्री और अन्य प्रकार के दबाव डाल रहा है। चीन के साथ भारत की प्रतिद्वंद्विता के पीछे भारत के अपने हित जुड़े हैं।

गलवान झड़प के बाद बदला भारत का रुख

चीन और भारत के रिश्तों में सीमा विवाद तनाव का बड़ा कारण रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 में गलवान घाटी की झड़पें एक बड़ा मोड़ साबित हुईं। इसके बाद भारत क्षेत्रीय विवाद को चीन के साथ अपने व्यापक संबंधों से अलग रखने के लिए तैयार नहीं है।

सीमा विवाद सुलझाने की कोशिशें और पृष्ठभूमि

2020 की घटनाओं के चार साल बाद, 2024 के अंत से भारत और चीन ने संबंधों को धीरे-धीरे पटरी पर लाने की कोशिश शुरू की। दोनों देशों के बीच अविश्वास के बावजूद सीमा विवाद को सुलझाने के लिए कई बैठकें हुईं और दोनों पक्षों ने अपने-अपने स्तर पर शांति के प्रयास किए।

रिपोर्ट में भारत के रुख का जिक्र करते हुए कहा गया है कि भारत मानता है कि व्यापक स्तर पर सामान्य संबंध बहाल करने के लिए सीमा पर शांति होना अनिवार्य है।