मणिपुर जहरीली शराब कांड: 15 मौतें, 180 से अधिक भर्ती; राहुल गांधी ने BJP सरकार को घेरा
मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 180 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। घटना के बाद राज्य सरकार ने हेल्थ अलर्ट जारी कर जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दुख जताते हुए राज्य की बीजेपी सरकार पर प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाया है।
अधिकारियों के मुताबिक, ये मौतें 18 से 20 नवंबर के बीच मुख्य रूप से चकपिकारोंग उपमंडल और आसपास के इलाकों में हुईं। पीड़ितों में मेथनॉल पॉइजनिंग जैसे लक्षण सामने आने के बाद कई गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए इंफाल के अस्पतालों में रेफर किया गया।
राहुल गांधी का सरकार पर निशाना और मुआवजे की मांग
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने लिखा, “मणिपुर में जहरीली शराब से कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत दुखद है। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।”
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने लिखा, “यह हादसा नहीं, BJP सरकार की लापरवाही का नतीजा है। पहले हिंसा ने सैकड़ों घर उजाड़े, अब जहरीली शराब उजाड़ रहीं है सरकार अब भी सो रही है। दोषियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई हो और बिना देरी पीड़ित परिवारों को पूरी सहायता और उचित मुआवजा मिले।”
मरीजों के लक्षण और पुलिस की शुरुआती जांच
पीड़ितों को उल्टी, पेट दर्द, चक्कर आना, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना और सांस लेने में तकलीफ जैसी शिकायतें हुईं। कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है और उन्हें आईसीयू (ICU) में रखा गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ितों ने जो शराब पी थी, वह पड़ोसी जिले काकचिंग के सुगनू इलाके से खरीदी गई थी। पुलिस के मुताबिक, चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर पारंपरिक शराब बनाने की कोई जानकारी नहीं है।
जिरीबाम प्रशासन की सार्वजनिक चेतावनी और जांच के निर्देश
नकली शराब के सेवन से जुड़ी मौतों की रिपोर्ट के बाद मणिपुर के जिरीबाम जिला प्रशासन ने पब्लिक एडवाइजरी जारी की। प्रशासन ने लोगों से अगली सूचना तक स्थानीय तौर पर बनी शराब, खुली शराब, बिना लेबल वाले कंटेनर में बिकने वाले अल्कोहलिक ड्रिंक्स या अनजान स्रोत से मिले उत्पाद का सेवन न करने को कहा है।
एडवाइजरी में संदिग्ध शराब के स्टॉक को पीने, बेचने, शेयर करने, बांटने या फेंकने के बजाय पुलिस या एक्साइज अधिकारियों को सूचित करने का आग्रह किया गया है, ताकि संदिग्ध उत्पादों को जब्त कर सुरक्षित रूप से जांच की जा सके। प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि किसी ने संदिग्ध शराब पी हो, तो लक्षण न दिखने पर भी तुरंत मेडिकल जांच कराएं; उल्टी, पेट दर्द, सिरदर्द, चक्कर आना, धुंधला दिखना, असामान्य कमजोरी, कन्फ्यूजन और सांस लेने में दिक्कत होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें।
