UP BJP में 13 नई नियुक्तियां, सुभाष यदुवंश को मिली सोशल मीडिया की कमान
UP BJP Social Media Team: उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश संगठन में सोशल मीडिया और प्रकोष्ठ से जुड़े पदों पर नई नियुक्तियों का ऐलान कर दिया है। आज जारी हुई इस लिस्ट में कुल 13 पदाधिकारियों के नाम शामिल किए गए हैं।
किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी?
जारी सूची के मुताबिक, ओम प्रकाश श्रीवास्तव को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है। उनके साथ संतराम यादव और डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी को प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सोशल मीडिया मोर्चे पर सुभाष यादुवंश को प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं गौरव वार्ष्णेय, विनीत मालवीय, अनुज चौधरी, मनोज मौर्य, निखिल सिन्हा और विवेक लवानिया को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा जयंत शिवाच, वाईके शर्मा और अभिमन्यु सिंह को सोशल मीडिया सदस्य के तौर पर टीम में जगह दी गई है। यह पूरी घोषणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के हस्ताक्षर के साथ जारी की गई है।
इससे पहले हुआ था संगठन का बड़ा फेरबदल
गौरतलब है कि यूपी चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने कुछ समय पहले ही अपनी प्रदेश संगठन की नई टीम का ऐलान किया था। उस दौरान 19 उपाध्यक्ष और 8 महामंत्री बनाए गए थे। इस टीम में कई बड़े नाम भी शामिल थे, जिनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह, विधायक पूजा पाल और सुरेश राणा को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। कुल 64 सदस्यों वाली इस लिस्ट में से 52 नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में जगह मिली थी। नई टीम में 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, 19 प्रदेश मंत्री, 8 प्रदेश महामंत्री और 6 मोर्चा अध्यक्ष बनाए गए थे। इसके साथ ही 6 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, 3 कार्यालय मंत्री और 3 अन्य पदाधिकारियों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
जातीय समीकरण का भी रखा गया खास ध्यान
इस पूरी कवायद में जातीय संतुलन साधने की भी पूरी कोशिश दिखी। भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को मिलाकर अब टीम की कुल संख्या 54 हो गई है, जिसमें 13 महिलाएं भी शामिल हैं। OBC वर्ग से जुड़े चेहरों की संख्या पहले के 16 से बढ़ाकर 25 कर दी गई है, जबकि सामान्य वर्ग से 21 नेताओं को टीम में जगह मिली है। वहीं ठाकुर समुदाय की संख्या 7 से घटाकर 6 और ब्राह्मण चेहरों की संख्या 8 से घटाकर 7 कर दी गई है। इसके अलावा टीम में 4 भूमिहार, 3 वैश्य और 1 श्रीवास्तव समुदाय से जुड़े नेता को भी शामिल किया गया है। अनुसूचित जाति (SC) वर्ग से कुल 7 लोगों को मौका मिला है, जबकि अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से सिर्फ इंजीनियर विद्याभूषण गोंड को ही जगह दी गई है। अब इसी कड़ी में ताजा फेरबदल करते हुए सोशल मीडिया और प्रकोष्ठ संकुल के संयोजक और सह-संयोजक पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।
