UP BJP अल्पसंख्यक मोर्चा की 43 सदस्यीय नई टीम का ऐलान: 4 महामंत्री और 12 उपाध्यक्ष नियुक्त, पश्चिम क्षेत्र का दिखा दबदबा
उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) अल्पसंख्यक मोर्चा ने अपनी 43 सदस्यीय नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति के बाद अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनस साजिद उस्मानी ने 27 अक्टूबर 2026 को यह सूची जारी की। घोषित की गई नई टीम में 4 महामंत्री, 12 उपाध्यक्ष और 12 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं। इसके साथ ही मीडिया, सोशल मीडिया, शोध विभाग और क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों पर भी मुहर लगाई गई है।
इन नेताओं को मिली महामंत्री और उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
नई टीम में चार नेताओं को प्रदेश महामंत्री का जिम्मा सौंपा गया है। इनमें मथुरा के जहीर अब्बास जैदी, लखनऊ के जीशान खान, महराजगंज के कुरसेद अंसारी और हरदोई के रियाज अहमद अल्वी शामिल हैं। मुख्य टीम के 28 सदस्यों में सबसे ज्यादा 10 चेहरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शामिल किए गए हैं।

इसके अलावा 12 प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। उपाध्यक्षों की सूची में नसरुद्दीन अंसारी (देवरिया), डॉ. नाजिया आलम (बरेली), राकेश छत्री (लखनऊ), नवेन्दु सिंह इजिकेल (शाहजहांपुर), फैजान रिजवी (फतेहपुर) और सरदार गुरप्रीत सिंह (सहारनपुर) समेत कुल 12 नाम शामिल हैं। संगठन में 12 अन्य नेताओं को प्रदेश मंत्री का दायित्व भी दिया गया है।
कोषाध्यक्ष, मीडिया और कार्यालय से जुड़ी नियुक्तियां
प्रदेश कार्यालय और वित्तीय प्रबंधन के लिए नई नियुक्तियां की गई हैं। हरदोई की सुहाना जैन को प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नोएडा के अख्तर खान और गोंडा के इमरान को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। फतेहपुर के जीशान प्रदेश कार्यालय मंत्री बनाए गए हैं।
मोर्चा के मीडिया सेल में कुल छह कार्यकर्ताओं को जगह मिली है। लखनऊ के मोहम्मद इम्तियाज सिद्दीकी को प्रदेश मीडिया संयोजक और महोबा के जाकिर हुसैन को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, गोरखपुर के अफरोज आलम को शोध विभाग के प्रमुख का जिम्मा सौंपा गया है।
क्षेत्रीय अध्यक्षों की कमान और सामाजिक समीकरण
प्रदेश कार्यकारिणी के साथ-साथ क्षेत्रीय स्तर पर भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जमालुद्दीन अल्वी को पश्चिम क्षेत्र, अकलीम अहमद को ब्रज, रमिंदर सिंह को कानपुर, सरदार दिलप्रीत सिंह को अवध, फहद जमाल को काशी और इस्माइल फारुखी को गोरखपुर का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए संगठन के छह प्रमुख पदों में से दो की कमान सिख समाज के नेताओं को सौंपी गई है।

