वर्ल्ड कप 2027 में खेलेंगे रोहित-विराट? शुभमन गिल के प्रोमो बयान ने बढ़ाई चर्चा; देखें श्रीलंका सीरीज का शेड्यूल

rohit

अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले ICC वनडे वर्ल्ड कप 2027 में रोहित शर्मा और विराट कोहली के खेलने को लेकर चर्चाओं के बीच कप्तान शुभमन गिल का एक प्रोमो वीडियो सामने आया है। स्टार स्पोर्ट्स की ओर से भारत और श्रीलंका के बीच आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज को लेकर जारी इस प्रोमो में गिल की आवाज में दोनों दिग्गजों को लेकर टिप्पणी सुनाई देती है।

वीडियो की शुरुआत विराट कोहली के दिखने से होती है और बैकग्राउंड में यह सवाल उठता है कि क्या कोहली 2027 में अपना दूसरा वर्ल्ड कप जीतेंगे। इसके बाद अगले दृश्य में रोहित शर्मा हाथ में जर्सी लिए नजर आते हैं।

प्रोमो वीडियो में शुभमन गिल ने क्या कहा?

वीडियो के दौरान बैकग्राउंड में शुभमन गिल कहते सुनाई देते हैं, “वर्ल्ड कप जीतने निकले हैं, तो प्रेशर तो होगा ही। जब इंडिया के लिए मैदान पर उतरते हैं तो उम्मीद भी साथ उतरती हैं। सबसे बड़ी ट्रॉफी के लिए सब कुछ दांव पर लगाना पड़ता है। वर्ल्ड कप जीतना है तो रास्ता आसान नहीं। पर एक बात तो क्लियर है… जहां मैटर बड़े होते हैं, वहीं पर लेजेंड खड़े होते हैं। मुझे उम्मीद है कि इससे आपको आपके सवाल का जवाब मिल गया होगा।”

प्रोमो के अंत में रोहित शर्मा और विराट कोहली साथ में दिखाई देते हैं, जहां वर्ल्ड कप की तैयारी से पहले भारत में होने वाली श्रीलंका सीरीज का जिक्र आता है।

13 दिसंबर से भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज का आगाज

श्रीलंका क्रिकेट टीम दिसंबर में भारत दौरे पर आएगी, जहां तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी। तीन मैचों की वनडे सीरीज 13 दिसंबर से शुरू होगी:

  • पहला वनडे (13 दिसंबर): विशाखापट्टनम

  • दूसरा वनडे (16 दिसंबर): बेंगलुरु

  • तीसरा वनडे (19 दिसंबर): अहमदाबाद

वनडे मुकाबले समाप्त होने के बाद दोनों टीमों के बीच 22 से 27 दिसंबर तक तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज आयोजित होगी।

न्यूजीलैंड सीरीज में रोहित और विराट का प्रदर्शन

विराट कोहली और रोहित शर्मा हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में खेले थे, जिसे भारत ने 3-1 से जीता था। उस सीरीज में कोहली ने चार पारियों में 86 रन बनाए थे और भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे, जिसमें पहले मैच में खेली गई 51 गेंदों की 74 रनों की पारी शामिल थी। वहीं, रोहित शर्मा चार पारियों में 30 रन बना सके थे।