सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी का ऑडियो सामने आया

saif

फिल्म अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। रिपोर्टों के मुताबिक, धमकी एक ऑडियो के जरिए दी गई है, जिसमें खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा जीशान अख्तर बताने वाले शख्स का नाम लिया जा रहा है।

मामला सामने आते ही मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है और हर पहलू से जांच कर रही है। आईएएनएस (IANS) की रिपोर्ट के अनुसार, सैफ अली खान को मिली धमकी में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के फरार आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आ रहा है। मुंबई पुलिस यह पड़ताल कर रही है कि यह धमकी वास्तव में जीशान अख्तर ने दी है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल कर नकल की है।

वायरल ऑडियो में क्या कहा गया?

धमकी से जुड़े वायरल ऑडियो में खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा जीशान अख्तर बताने वाला व्यक्ति कहता सुनाई देता है, “हां भाई रोहित गोदारा गैंग से जीशान अख्तर बोल रहा हूं।”

इसके बाद ऑडियो में सैफ अली खान को संबोधित करते हुए कहा जाता है, “देख तेरी वाइफ करीना कपूर ने जो गलती की है। कहीं ऐसा न हो की उसकी गलती की सजा तुझे भुगतनी पड़े।” ऑडियो में आगे यह भी कहा गया, “जब चाकू लगा था तो तू बच गया था। लेकिन जब हमारी गोली लगे गी तो कहीं तेरा हाल भी बाबा सिद्दीकी जैसा ना हो जाए। इसलिए बोल रहा रहू सुधर जा।”

फिल्म जगत से जुड़ी अन्य घटनाओं का जिक्र

सैफ अली खान को धमकी मिलने की यह खबर ऐसे समय में आई है, जब हाल के दिनों में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों को धमकियां मिलने या हमलों की खबरें सामने आई हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, कुछ समय पहले अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना सामने आई थी, जबकि इससे पहले सलमान खान, रोहित शेट्टी और अमिताभ बच्चन सहित फिल्म जगत के अन्य कलाकारों को भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल मुंबई पुलिस वायरल ऑडियो की सत्यता और धमकी के स्रोत की जांच कर रही है।