केंद्र सरकार ने 6 रबी फसलों की MSP बढ़ाई; कुसुम में 675 रुपये का सबसे बड़ा उछाल, जानें गेहूं-चने का नया रेट
रबी के मौसम में खेत की तैयारी कर रहे किसानों के लिए केंद्र सरकार की तरफ से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। सरकार ने रबी विपणन सीजन 2027-28 के लिए छह प्रमुख रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इस बार गेहूं और चने के अलावा जौ, मसूर, रेपसीड-सरसों और कुसुम जैसी अहम फसलों पर भी एमएसपी बढ़ाई गई है। इस फैसले से किसानों को अपनी फसल का बेहतर बाजार भाव और मुनाफे की उम्मीद जगी है।
कुसुम के किसानों की हुई बल्ले-बल्ले
एमएसपी बढ़ोतरी के ताजा आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे बड़ा बदलाव ‘कुसुम’ (Safflower) की फसल में देखने को मिला है। सरकार ने कुसुम की एमएसपी में 675 रुपये प्रति क्विंटल का भारी इजाफा किया है।
सीजन 2026-27 में कुसुम का समर्थन मूल्य 6,540 रुपये था, जो अब बढ़कर 7,215 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस बार घोषित छह रबी फसलों में यह सबसे बड़ी और ऐतिहासिक बढ़ोतरी है।
सरसों और मसूर के भाव में भी बड़ी उछाल
उत्तर भारत की प्रमुख रबी फसल सरसों की कीमतों में भी किसानों को अच्छी खासी राहत दी गई है। रेपसीड और सरसों की एमएसपी में 413 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। पिछले साल यह 6,200 रुपये प्रति क्विंटल थी, जो अब बढ़कर 6,613 रुपये हो गई है।
दलहन के मोर्चे पर भी सरकार ने अहम फैसला लिया है। मसूर दाल की एमएसपी को 390 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 7,390 रुपये कर दिया गया है। पिछले सीजन में यह 7,000 रुपये थी। दलहन की खेती को बढ़ावा देने और किसानों की लागत का सही मूल्य देने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गेहूं, चना और जौ की नई MSP क्या है?
गेहूं और चना रबी सीजन की ऐसी फसलें हैं, जिनकी एमएसपी पर देश भर के किसानों की सबसे ज्यादा नजर रहती है। सरकार ने इनकी कीमतों में भी इजाफा किया है, लेकिन यह बढ़ोतरी कुसुम और सरसों के मुकाबले थोड़ी सीमित है।
-
गेहूं: गेहूं की एमएसपी में 25 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब इसका नया समर्थन मूल्य 2,610 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है।
-
चना: चने की एमएसपी को 83 रुपये बढ़ाया गया है, जिससे इसका नया मूल्य 5,958 रुपये प्रति क्विंटल तय हुआ है।
-
जौ (Barley): गेहूं के साथ उगाई जाने वाली जौ की एमएसपी में 136 रुपये प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ है। 2026-27 में इसकी एमएसपी 2,150 रुपये थी, जो अब बढ़कर 2,286 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है।
