इटली में सोनिया गांधी के पैतृक घर की ‘सेवादार’ की तरह देखरेख कर रहे पंजाब के सुखदेव सिंह
पंजाब के होशियारपुर जिले के जहूरा गांव से ताल्लुक रखने वाले बिजनेसमैन सुखदेव सिंह कंग इटली में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के पैतृक घर की देखरेख कर रहे हैं। साल 1992 से इटली में रह रहे 52 वर्षीय सुखदेव सिंह ने इस तीन मंजिला इमारत को खरीदने के बाद इसे कमर्शियल रूप देने के बजाय म्यूजियम के तौर पर सहेजने का फैसला किया। उनके परिवार का कोई भी सदस्य इस घर में नहीं रहता, लेकिन वे खुद इसके रखरखाव और टैक्स का पूरा खर्च उठाते हैं।
2020 में रास्ता बदलने पर संयोग से पहुंचे लुज़ियाना गांव
न्यूज एजेंसी एएनआई (ANI) से पंजाबी में बातचीत के दौरान सुखदेव सिंह ने बताया कि साल 2020 में एक रोड एक्सीडेंट के कारण रास्ता बदलने पर वे संयोग से इटली के विचेंजा प्रांत के लुज़ियाना गांव पहुंच गए। वहां सोनिया गांधी के तीन मंजिला पैतृक घर को देखकर वे काफी खुश और हैरान हुए।
उन्होंने इस घर को खरीदकर किसी मालिक के बजाय एक ‘सेवादार’ की तरह इसकी देखभाल शुरू की। रिपोर्ट के मुताबिक, वे हर साल इस घर के रखरखाव पर करीब 1,01,385 रुपये खर्च करते हैं।
विभाजन और दादी की यादों से जुड़ा है घर खरीदने का फैसला
इस घर को खरीदने के पीछे की वजह बताते हुए सुखदेव सिंह अपने पारिवारिक इतिहास का जिक्र करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता का जन्म विभाजन से पहले पाकिस्तान में हुआ था और उनकी दादी अंतिम सांस तक पाकिस्तान स्थित अपने पैतृक घर को देखने की इच्छा जताती रहीं।
सुखदेव सिंह ने कहा, “पाकिस्तान में हमारा घर हुआ करता था, कुएं होते थे। जिस घर में जन्म हुआ, यह तो एक छोटी सी बात है, इधर तो बंधन बहुत बड़े थे। इंसान की उम्र का कोई पता नहीं, जो चीजें होती हैं उनकी उम्र रह जाती है और यह तो हमारे दिल का इश्क है।”
सोनिया गांधी से घर आने की अपील, दिसंबर में मनाते हैं जन्मदिन
सुखदेव सिंह ने उम्मीद जताई कि सोनिया गांधी अपने परिवार के साथ कभी इस घर में जरूर आएंगी। उन्होंने कहा कि जिस घर में उनका जन्म हुआ, वह कल भी उनका था और आज भी उनका है, एक सिख परिवार वहां केवल सेवा निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि दिसंबर में सोनिया गांधी का जन्मदिन आने वाला है और हर साल वहां बड़े जमावड़े में केक काटा जाता है। पिछले साल इस मौके पर सुखमनी साहब का पाठ कराया गया था और इस बार भी कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है।
इटली की पुलिस सेवा में अधिकारी हैं सुखदेव सिंह के बच्चे
सुखदेव सिंह इस पहल को गुरु नानक देव जी की कृपा और भारत-इटली के रिश्तों के प्रति सम्मान बताते हैं। उनके बेटा और बेटी भी इटली में रहते हैं और वहां की पुलिस सेवा में अधिकारी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय के बच्चों और बेटियों को दूसरे देश में आगे बढ़ते और पुलिस अफसर बनते देख उन्हें काफी उत्साह और गर्व महसूस होता है।
