गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस: ‘त्यागमल’ से ‘हिंद की चादर’ बनने तक का सफर, जानें 24 नवंबर का इतिहास

tegbahadur

सिख धर्म के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की याद में हर साल 24 नवंबर को शहीदी दिवस मनाया जाता है। मुगल शासनकाल के दौरान कश्मीरी पंडितों के धार्मिक अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने आवाज उठाई और सिद्धांतों से समझौता करने के बजाय बलिदान का रास्ता चुना। इसी कारण उन्हें ‘हिंद की चादर’ और ‘जगत गुरु’ के नाम से जाना जाता है।

अमृतसर में जन्म और ‘हिंद की चादर’ की पहचान

पत्र सूचना कार्यालय (PIB) की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गुरु तेग बहादुर जी का जन्म 1 अप्रैल 1621 को पंजाब के अमृतसर में हुआ था। वे सिख धर्म के छठे गुरु, गुरु हरगोबिंद साहिब जी और माता नानकी जी के पुत्र थे।

उन्होंने अपना जीवन मानवता, सेवा, सत्य और धार्मिक स्वतंत्रता के मूल्यों को समर्पित किया। केवल अपने समुदाय ही नहीं, बल्कि अन्य धर्मों के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए खड़े होने के कारण भारतीय इतिहास में उनकी शहादत को धार्मिक स्वतंत्रता और मानव गरिमा के बड़े उदाहरण के तौर पर याद किया जाता है।

‘त्यागमल’ से कैसे बने गुरु तेग बहादुर?

गुरु तेग बहादुर जी का बचपन का नाम त्यागमल था। शुरुआती दिनों से ही उनका झुकाव आध्यात्मिकता, ध्यान और धार्मिक शिक्षा की ओर था। धार्मिक शिक्षा के साथ उन्होंने घुड़सवारी और तलवारबाजी जैसी युद्धकलाओं का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया था।

करतारपुर की लड़ाई में उनकी वीरता और साहस को देखकर उनके पिता गुरु हरगोबिंद साहिब जी ने उनका नाम ‘तेग बहादुर’ रखा। ‘तेग’ का अर्थ तलवार और ‘बहादुर’ का अर्थ वीर होता है। साल 1665 में गुरु तेग बहादुर जी ने आनंदपुर साहिब की स्थापना की, जो बाद में सिख धर्म का प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बना। उन्होंने देश के कई हिस्सों की यात्रा कर भाईचारे, समानता और सेवा का संदेश दिया।

कश्मीरी पंडितों के लिए संघर्ष और 1675 में शहादत

मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल में कश्मीरी पंडितों का एक प्रतिनिधिमंडल अपनी धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए गुरु तेग बहादुर जी के पास सहायता मांगने पहुंचा था। गुरु जी ने उनकी बात सुनी और उनके धार्मिक अधिकारों की रक्षा के लिए खड़े होने का फैसला किया।

उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि हर व्यक्ति को अपनी आस्था चुनने और उसका पालन करने का अधिकार होना चाहिए। मुगल शासकों के आदेश पर उन्हें गिरफ्तार कर दिल्ली लाया गया, जहां 1675 में चांदनी चौक में उनकी शहादत हुई। दिल्ली स्थित गुरुद्वारा शीश गंज साहिब उनकी शहादत के स्थान से जुड़ा है। सिख इतिहास में उनके साथ भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी के बलिदान का भी विशेष स्थान है।

गुरु तेग बहादुर जी से जुड़े प्रमुख तथ्य

  • क्रम: सिख धर्म के नौवें गुरु

  • जन्म: 1 अप्रैल 1621, अमृतसर (पंजाब)

  • बचपन का नाम: त्यागमल

  • पिता: छठे सिख गुरु, गुरु हरगोबिंद साहिब जी

  • उपाधि: ‘हिंद की चादर’ और ‘जगत गुरु’

  • प्रमुख योगदान: 1665 में आनंदपुर साहिब की स्थापना

  • शहादत: 1675, चांदनी चौक (दिल्ली)

  • शहीदी दिवस: प्रतिवर्ष 24 नवंबर

प्रभाष बहादुर की प्रस्तुति