Tiger Shroff Firing: पप्पू यादव का सरकार पर हमला- ‘देश माफिया चला रहा, पुलिस बिकी हुई’

pappu yadav

बॉलीवुड सुपरस्टार टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर रविवार को मुंबई में हुए जानलेवा हमले के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने केंद्र की मोदी सरकार, गृह मंत्री अमित शाह और मुंबई पुलिस पर बेहद तीखा हमला बोला है।

पप्पू यादव ने राज्य और केंद्र सरकार की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह से फेल बताते हुए आरोप लगाया है कि आज देश सरकार नहीं बल्कि ‘माफिया’ चला रहा है।

‘संस्थाएं सुरक्षित नहीं, कानून से ऊपर हो गए अपराधी’

टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) द्वारा लिए जाने के बाद पप्पू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।

सांसद ने कहा, “लॉरेंस ग्रुप ने खुद कह दिया है कि हमने मरवाया। यह देश के प्रधानमंत्री और इस सरकार के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है। बार-बार कभी बाबा सिद्दीकी की हत्या होती है, कभी सलमान खान के घर पर फायरिंग होती है और अब टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ। यह सीधे तौर पर गृह मंत्री अमित शाह के लिए चैलेंज है।”

पप्पू यादव ने आगे कहा, “जब बार-बार ऐसी घटनाएं होती हैं और देश के हीरो (अभिनेताओं) पर ऐसे हमले होते हैं, तो यह साबित होता है कि देश में कोई भी संस्था सुरक्षित नहीं है। जब एक व्यक्ति कानून के लिए लगातार चुनौती बन जाए, तो इसका मतलब है कि वह संविधान और कानून से ऊपर हो गया है। कानून उसे कोई सजा नहीं दे पाता और सरकारें ऐसे माफियाओं के आगे नतमस्तक हो जाती हैं।”

‘बॉम्बे पुलिस और सरकार माफियाओं के हाथ बिकी है’

अपने बेबाक बयानों के लिए पहचाने जाने वाले पप्पू यादव ने मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “बॉम्बे पुलिस और ये सभी देश के माफियाओं के हाथों बिकी हुई हैं। सरकार नाम की कोई चीज नहीं बची है। मैंने पहले भी कई बार कहा है कि जब माफिया ही देश चलाएगा, तो ऐसी ही घटनाएं होंगी।”

क्राइम ब्रांच कर रही मामले की जांच

बता दें कि रविवार (18 अक्टूबर) शाम मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क इलाके में बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की थी। इस हमले में एक्टर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनका ड्राइवर और वहां मौजूद एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए।

जुहू पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, मामले की गंभीरता और इसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आने के बाद जांच की पूरी जिम्मेदारी मुंबई क्राइम ब्रांच (Mumbai Crime Branch) को सौंप दी गई है। क्राइम ब्रांच की टीमें हमलावरों की तलाश में दिल्ली और अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।