तेहरान में ट्रंप के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन, नकली जेल में दिखाया बंद, वीडियो वायरल
ईरान की राजधानी तेहरान में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। यहां के व्यस्त इलाके में एक बड़े होर्डिंग के ऊपर बनाई गई नकली जेल की कोठरी में ट्रंप की वेशभूषा पहने एक व्यक्ति को बंद दिखाया गया है। यह प्रदर्शन मुख्य रूप से पिछले महीने दक्षिणी ईरान के कुहेस्ताक कस्बे में एक शादी समारोह पर हुए कथित घातक हमले के विरोध में किया जा रहा है।
नकली जेल में बिस्तर और शौचालय की व्यवस्था
यह इंस्टॉलेशन तेहरान के प्रमुख ताजरीश स्क्वायर के ऊपर लगाया गया है। इस नकली जेल में बिस्तर, शौचालय और सिंक जैसी चीजें भी बनाई गई हैं। ट्रंप का मुखौटा और विग पहने एक व्यक्ति को सलाखों के पीछे दिखाया गया है, जो कभी सलाखों को हिलाता है तो कभी बिस्तर पर लेटकर झपकी लेता नजर आता है। इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं और राहगीर रुककर अपने मोबाइल में तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं।
बिलबोर्ड पर दिखाई जा रही हमले की तस्वीरें
जेल की इस कोठरी के ठीक पीछे एक इलेक्ट्रॉनिक बिलबोर्ड लगा है, जिस पर कुहेस्ताक कस्बे में शादी समारोह पर हुए अमेरिकी हमले से जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित की जा रही हैं। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, तेहरान नगर निगम के अधीन काम करने वाले ‘तेहरान ब्यूटीफिकेशन ऑर्गनाइजेशन’ ने इस इंस्टॉलेशन का उद्घाटन किया है। यह प्रदर्शन शादी समारोह पर हुए हमले के खिलाफ चलाए जा रहे 15 दिवसीय अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का असर
फरवरी में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद से ही दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। ऐसे में तेहरान में अमेरिका के खिलाफ राजनीतिक संदेश देने के लिए सार्वजनिक होर्डिंग का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। इससे पहले भी एक इंस्टॉलेशन में ट्रंप को ताबूत के भीतर लेटा हुआ दिखाया गया था।
वहीं, शादी समारोह पर हमले को लेकर अमेरिकी सेंट्रल कमांड का कहना है कि उन्हें ईरानी मीडिया की रिपोर्टों की जानकारी है, लेकिन अमेरिकी सेनाएं आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाती हैं।
