‘ललकार कर भाग जाने वाले को भगोड़ा कहते हैं’: अयोध्या चुनाव की चुनौती पर ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर बोला तीखा हमला

op

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (UP Election 2027) की आहट के साथ ही राज्य में राजनीतिक बयानबाजी और एक-दूसरे पर हमले तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर (OP Rajbhar) ने समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसा है।

राजभर ने अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव को ‘भगोड़ा’ करार दिया है।

‘उम्मीद है आप भगोड़े साबित नहीं होंगे’

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए सपा मुखिया पर सीधा निशाना साधा।

उन्होंने लिखा, “अखिलेश यादव, इतिहास गवाह है कि ललकार कर भाग जाने वाले को ‘भगोड़ा’ बोलते हैं! उम्मीद है आप भगोड़े साबित नहीं होंगे। अयोध्या और जहूराबाद आपको पुकार रहा है। क्यों बढ़-चढ़कर और बड़ी-बड़ी बातें करते हैं महाराज?”

कांग्रेस नेताओं के बवाल पर अखिलेश से मांगे जवाब

राजभर ने अखिलेश यादव से कांग्रेस नेताओं के बीच हुए हालिया विवादों पर चुप्पी तोड़ने को कहा। उन्होंने अपने पोस्ट में सवाल उठाते हुए लिखा:

  • “जिस मुद्दे पर बोलना होता है, उस पर क्यों नहीं कुछ बोलते?”

  • “बोलना है तो कल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय और महिला नेता के बवाल पर बोलिए।”

  • “कहिए कि इमरान मसूद के गिरेबान पर हाथ लगाना ठीक था या नहीं।”

  • “बताइए प्रमोद तिवारी का हाथ जोड़कर माफी मांगना सही था या नहीं?”

  • “कहिए कि आपके दोस्त कांग्रेस के नेताओं का भद्दी-भद्दी गालियां देना सही था या नहीं?”

राजभर ने अपने पोस्ट के अंत में चेतावनी देते हुए लिखा, “खैर, आ रहा है 2027… इस बार आपका और आपके दोस्तों का बड़बोलापन और अहंकार दोनों मटियामेट हो जाएगा। यूपी का स्वाभिमान जीतेगा, 27 यूपी जीतेगा।”

क्या है अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती का पूरा विवाद?

दरअसल, यह पूरा सियासी घमासान तब शुरू हुआ जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधे अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी।

इस पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने चुनौती को तुरंत स्वीकार कर लिया था। सीएम योगी ने कहा था कि अगर अखिलेश यादव अयोध्या से नामांकन करने को तैयार हैं, तो वह भी इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा था कि अगर मुकाबला होना है तो आमने-सामने का होना चाहिए।

सीएम योगी के इस कड़े जवाब के बाद अखिलेश यादव ने अपनी रणनीति बदलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी को हराने के लिए उनके ‘पीडीए प्रहरी’ (PDA) ही काफी हैं। इसी बयान के बाद से भाजपा और उसके सहयोगी दल अखिलेश यादव पर हमलावर हैं।