‘कार्यकारिणी भंग करने से क्या फायदा, खुद इस्तीफा ही दे दें अखिलेश…’: हापुड़ विवाद पर ओम प्रकाश राजभर का तीखा हमला

op

उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मी के बीच समाजवादी पार्टी (SP) द्वारा हापुड़ की जिला कार्यकारिणी और अन्य पदों को भंग किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए सुभासपा (SBSP) अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि एक-एक करके जिला कार्यकारिणी भंग करने से बेहतर है कि अखिलेश यादव खुद अपने पद से इस्तीफा दे दें।

‘गुंडे-माफियाओं का सिंडिकेट है सपा का संगठन’

ओम प्रकाश राजभर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा, “मित्र अखिलेश यादव जी, एक-एक जिला कार्यकारिणी भंग करने से अच्छा है कि एक साथ देश और प्रदेश दोनों कार्यकारिणी भंग करके खुद भी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दीजिए। कन्नौज, एटा, कासगंज और गोरखपुर के बाद अब हापुड़ पर हंटर चला दिए आप? वहां का गुर्जर जिलाध्यक्ष आपको पसंद नहीं आया तो पूरी जिला कार्यकारिणी ही भंग कर दी!”

राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के संगठन में तमाम लुटेरे और छंटे हुए गुंडे-माफिया भरे पड़े हैं। उन्होंने कहा, “जिसे आप कार्यकारिणी कहते हैं, पूरा प्रदेश जानता है कि वो असल में जिला-जिला में फैले गुंडे-माफियाओं का सिंडिकेट होता है।” उन्होंने तंज कसते हुए सुझाव दिया कि ‘एक जिला एक माफिया’ वाले इस सिंडिकेट को फुटकर में नहीं, बल्कि थोक में ध्वस्त कर देना चाहिए और इसकी शुरुआत खुद अपने इस्तीफे से करनी चाहिए।

‘किसी मुस्लिम युवा को सौंप दें पार्टी की कमान’

सपा अध्यक्ष को सलाह देते हुए राजभर ने आगे कहा कि वे खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाकर किसी योग्य मुस्लिम युवा को पार्टी की कमान सौंप दें। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से शायद पार्टी से नाराज चल रहे मुस्लिम मतदाताओं (M-Y समीकरण) का दिल पिघल जाए और चुनाव में सपा की थोड़ी बहुत इज्जत बच सके।

क्यों भंग की गई हापुड़ कार्यकारिणी?

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने हाल ही में हापुड़ की जिला कार्यकारिणी, फ्रंटल संगठनों के साथ-साथ पार्टी के भीतर चल रही आंतरिक खींचतान और असंतोष के बाद यह कड़ा कदम उठाया है। पार्टी के इस आंतरिक फेरबदल और कार्रवाई को विपक्षी दलों द्वारा लगातार भुनाया जा रहा है, और इसी कड़ी में ओपी राजभर ने भी सपा नेतृत्व पर करारा सियासी वार किया है।