अयोध्या राम मंदिर: चौदह कोसी और पंचकोसी परिक्रमा पर बढ़ा दर्शन का समय, अब रात 11 बजे तक करें रामलला के दर्शन
अयोध्या में अक्षय नवमी के अवसर पर शुरू होने वाले प्रसिद्ध ‘चौदह कोसी’ और ‘पंचकोसी’ परिक्रमा मेले को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने भगवान रामलला के दर्शन की अवधि में एक घंटे की बढ़ोतरी कर दी है।
अब 18 नवंबर से 22 नवंबर तक श्रद्धालु रात्रि 11 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे, ताकि सभी भक्तों को सुगम और सुलभ दर्शन प्राप्त हो सकें।
क्या रहेगा नया समय और शेड्यूल?
श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के समाचार प्रबंधक सुभाष चंद्र सिंह द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस विशेष अवधि में मंदिर की नियमित दिनचर्या और आरती के समय में थोड़ा बदलाव किया गया है:
-
भोग और आरती के लिए स्थगन: प्रतिदिन की तरह रात्रि 8:45 बजे भगवान को भोग लगाने और सायं आरती के लिए दर्शन कुछ समय के लिए स्थगित किए जाएंगे।
-
पुनः दर्शन की शुरुआत: आरती के पश्चात रात्रि 9:30 बजे मुख्य द्वार से श्रद्धालुओं का प्रवेश और दर्शन एक बार फिर से आरंभ हो जाएगा, जो रात्रि 11 बजे तक अनवरत जारी रहेगा।
ट्रस्ट के इस निर्णय की जानकारी ट्रस्ट के सीईओ रिटायर एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र द्वारा सभी प्रमुख पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) को दे दी गई है, जिससे सुरक्षा और व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
अयोध्या में चौदह कोसी परिक्रमा 17-18 नवंबर की मध्यरात्रि के बाद सुबह 1:20 बजे से आरंभ हो चुकी है, जिसका समापन 20 नवंबर को प्रात: 2:55 बजे होगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लेने के लिए देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं। परिक्रमा पूरी करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दरबार में भी हाजिरी लगाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन का समय बढ़ाने का यह कदम उठाया है, ताकि हुजूम को नियंत्रित करने और भक्तों को कतारों में लंबी असुविधा से बचाने में मदद मिल सके।
