नई जिम्मेदारी मिली तो घर पहुंचे मिथलेश त्रिपाठी, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
अंबेडकर नगर। भाजपा के संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद अपने गृह जनपद लौटे पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, युवा मोर्चा, मिथलेश त्रिपाठी को यहां कार्यकर्ताओं और समर्थकों से वो प्यार मिला कि देखते ही देखते पूरा माहौल जश्न में बदल गया. दरअसल, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें ‘प्रकोष्ठ संकुल’ का सह-समन्वयक बनाया है, और यही खबर लेकर जब वो शहर पहुंचे, तो कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
राष्ट्रीय राजमार्ग-161 (पूर्वांचल) पर भाजपा के कार्यकर्ता, युवा साथी, मातृशक्ति और समर्थकों की भारी भीड़ घंटों पहले से जमा थी. त्रिपाठी जैसे ही पहुंचे, नारों और तालियों ने पूरा नजारा खूबसूरत बना दिया. इस दिलकश स्वागत से भावुक हुए त्रिपाठी ने आने वालों का आभार जताते हुए कहा कि “ये सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है. ये पार्टी के हर उस कार्यकर्ता की मेहनत और संगठन के लिए त्याग का सम्मान है, जो दिन-रात एक करके जुटा रहता है.”
नई भूमिका को लेकर मिथलेश त्रिपाठी ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा दिखाया है, उसे वो नई जिम्मेदारी मानते हैं. उनके शब्दों में, ये मौका है संगठन के प्रति अपना समर्पण और बढ़ाने का, ताकि पार्टी हर मोर्चे पर और मजबूत हो. उन्होंने कहा कि वो पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे ताकि संगठन की पहुंच आम लोगों तक हर गांव और हर मोहल्ले तक पहुंचे.
सरदार पटेल को श्रद्धांजलि
नई जिम्मेदारी के बाद अंबेडकर नगर पहुंचने पर त्रिपाठी का पहला ठिकाना था सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा. यहां उन्होंने पुष्पहार अर्पित कर लोह पुरुष को श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन और राष्ट्र के प्रति उनका अटूट समर्पण आज भी हर उस शख्स के लिए प्रेरणा है, जो देश की सेवा के सपने देखता है.
कार्यकर्ताओं ने दिया आशीर्वाद, त्रिपाठी ने कहा शुक्रिया
इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने त्रिपाठी को नई जिम्मेदारी के लिए खूब बधाइयां दीं और अपना स्नेह व आशीर्वाद दिया. जवाब में त्रिपाठी ने हर कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेता, युवा साथी और मातृशक्ति का दिल से धन्यवाद किया और कहा कि इसी साथ के दम पर वो नई जिम्मेदारी में बेहतरीन काम करेंगे.
