UP में 3 दिन फिर झमाझम बारिश, 23 जिलों में अलर्ट; आंधी-बिजली का भी खतरा

weather today

Weather Today: मॉनसून तो विदा होने की तैयारी में है, लेकिन बीच रास्ते में चक्रवात ‘अर्नब’ ने ऐसा धमाका किया है कि उत्तर प्रदेश समेत देश के कई बड़े राज्यों में गड़गड़ाहट और झमाझम बारिश का सिलसिला थम ही नहीं रहा. उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान, यहां बादल आज भी घिरे हैं. और शुक्रवार के लिए मौसम विभाग ने तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि तक का अलर्ट जारी कर दिया है. विभाग का कहना है कि यूपी, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बारिश आगे भी चलती रहेगी. वहीं उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, बंगाल और मध्य प्रदेश में भी बरसात का दौर जारी रहेगा.

तूफान कितना खतरनाक है?

मौसम विभाग की नजर में चक्रवात अर्नब अभी ओडिशा, आंध्र प्रदेश, झारखंड और पश्चिमी बंगाल में पूरे रंग में है. इसके असर से कई राज्यों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं. मछुआरों को समंदर में उतरने से पहले ही चेतावनी दे दी गई है,  तट से दूर रहें. अफरा-तफरी की आशंका भी जताई गई है, क्योंकि तेज हवाओं से पेड़ उखड़ सकते हैं और जन-जीवन पर असर पड़ सकता है.

दरअसल, तूफान आंध्र प्रदेश के कलिंगपटनम तट से टकराया था, और उसी के बाद से दक्षिण भारत और पूर्वी भारत के अनेक राज्यों में मूसलाधार बारिश अपने तेवर पर है. ओड़िशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों से पानी बरस रहा है. ओडिशा में प्रशासन भी अलर्ट पर है,  निचले इलाकों और जहां भूस्खलन का खतरा था, वहां से 8,082 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा दिया गया है.

आईएमडी के मुताबिक, तट पार करते वक्त तूफान की चाल सिर्फ करीब तीन किलोमीटर प्रति घंटे थी, लेकिन इस दौरान हवाएं 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक तक चलीं. इसके बाद ये चक्रवात उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा और गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक ये उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर केंद्रित हो गया.

बंगाल में कल तक बरसात का सिलसिला

पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में 94 मिलीमीटर, पानागढ़ में 87 और कोलकाता में 80 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग को आशंका है कि शनिवार तक यहां बारिश का दौर जारी रहेगा. वहीं आईएमडी ने बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल तट के लिए भी चेतावनी है,  50 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं.

यूपी के 23 जिलों के लिए अलर्ट जारी

अब बात करते हैं यूपी की. आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी हो चुकी है. असल में, बंगाल की खाड़ी पर बना डीप डिप्रेशन जब आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट से टकराया, तो यूपी में मानसून की गतिविधियां एकदम बदल गईं. मौसम विभाग ने 23 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, और 38 जिलों में बदली बारिश के बीच बिजली गिरने की आशंका है. अमौसी स्थित यूपी-उत्तराखंड के मौसम मुख्यालय की मानें तो प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार बन रहे हैं. खासकर 25 और 26 सितंबर को पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट निकाला गया है.

दिल्लीवालों के लिए कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में 25 सितंबर को मध्यम बारिश के आसार हैं. हवाएं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है. तेज हवाएं और रिमझिम बारिश अगर चली तो तापमान में गिरावट भी दर्ज हो सकती है, यानी ठंडक वाली हवा का मजा भी मिल सकता है.

आंध्र प्रदेश में जनजीवन अस्त-व्यस्त

आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय हिस्सों का तो बुरा हाल हो गया है. भारी बारिश से सड़कें और खेत दोनों पानी में डूब गए, कई पेड़ जमीन से उखड़कर गिर पड़े. विशाखापत्तनम में 28 सेंटीमीटर और कोय्यालागुडेम में 20 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई. वहीं भीमुनिपट्टनम, काकीनाडा और पेड्डापुरम में 15-15 सेंटीमीटर बरसात के हिसाब दर्ज की गई. पानी भरने से यातायात भी ठप्प हो गया है.