September 20, 2026

हिट एंड रन केस में ‘लव जिहाद’ की एंट्री: अपर्णा यादव का दावा- ‘यश ठाकुर’ बनकर शाहनवाज ने दिया धोखा

lucknow

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक युवती को तेज रफ्तार कार के बोनट पर 100 मीटर तक घसीटने के मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। शुरुआत में ‘हिट एंड रन’ माने जा रहे इस मामले में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने ‘लव जिहाद’ का दावा कर सनसनी मचा दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है।

अपर्णा यादव का ‘लव जिहाद’ का दावा

इस खौफनाक वारदात के सामने आने के बाद महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने इसे महज एक सड़क हादसा मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तार आरोपी शाहनवाज दुबग्गा इलाके का रहने वाला एक बिल्डिंग ठेकेदार है, जिसने ‘यश ठाकुर’ बनकर हिंदू नाम से युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया था। अपर्णा यादव ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी अराजक तत्व लड़कियों को गुमराह करने की कोशिश करेंगे, सरकार उनका पूरी तरह से इलाज करेगी।

विवाद के बाद कार से घसीटा और कुचलने की कोशिश

बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हरदोई निवासी और गोमतीनगर में रहने वाली पीड़िता अपनी बुआ और बहन के साथ जनेश्वर मिश्र पार्क (गेट नंबर-4) के पास चाय पीने गई थी। इसी दौरान शाहनवाज अपने दोस्त दानिश और एक अन्य लड़की के साथ वहां पहुंचा।

पीड़िता का आरोप है कि शाहनवाज और उसके दोस्त ने उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब युवती ने विरोध किया और भाग रही कार के आगे खड़ी हो गई, तो शाहनवाज ने रफ्तार बढ़ा दी। जान बचाने के लिए युवती कार के वाइपर पकड़कर बोनट पर लटक गई। करीब 100 मीटर तक घसीटने के बाद आरोपी ने अचानक ब्रेक मारा, जिससे युवती सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी उसे कुचलने का प्रयास करते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस का एक्शन: शाहनवाज गिरफ्तार, दानिश की तलाश जारी

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया और उसकी कार जब्त कर ली। घायल युवती का लोहिया अस्पताल में प्राथमिक इलाज कराकर छुट्टी दे दी गई है।

पूर्वी लखनऊ की डीसीपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर जान से मारने की कोशिश समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल शाहनवाज से पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथी दानिश की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती लिखित शिकायत में पीड़िता ने ‘लव जिहाद’ का कोई आरोप नहीं लगाया है, लेकिन यदि दोबारा बयान दर्ज होने पर ऐसे तथ्य सामने आते हैं, तो उस पहलू पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।