जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ में रिकॉर्ड डिमांड, ₹8,110 करोड़ की एंकर बुक 30 गुना से ज्यादा भरी
जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) पर घरेलू और वैश्विक दिग्गज संस्थागत निवेशकों ने बड़ा दांव लगाया है। कंपनी की ₹8,110 करोड़ की एंकर बुक के लिए ₹2.5 लाख करोड़ से अधिक की इंस्टीट्यूशनल डिमांड दर्ज की गई है। इसके साथ ही उपलब्ध शेयरों के मुकाबले एंकर बुक 30 गुना से भी अधिक सब्सक्राइब हुई है। भारतीय प्राथमिक बाजार (Primary Market) के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी इश्यू की एंकर बुक डिमांड ₹2.5 लाख करोड़ के पार पहुंची हो।
LIC को मिला सबसे बड़ा शेयर आवंटन
₹8,110 करोड़ की कुल एंकर बुक में से लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (LIC) को ₹500 करोड़ का सबसे बड़ा आवंटन प्राप्त हुआ है। इसके अलावा ब्लैकरॉक, कैपिटल इंटरनेशनल, फिडेलिटी मैनेजमेंट एंड रिसर्च, जीआईसी (GIC), एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड और एसबीआई म्यूचुअल फंड में से प्रत्येक को करीब ₹425-425 करोड़ के शेयर अलॉट किए गए हैं।
घरेलू फंड हाउसेज और ग्लोबल दिग्गजों की मजबूत मौजूदगी
एंकर बुक में 200 से अधिक संस्थागत निवेशकों और फंड स्कीमों ने भागीदारी दर्ज की है।
-
घरेलू म्यूचुअल फंड: एसबीआई एमएफ, एचडीएफसी एमएफ, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएफ, कोटक एमएफ और निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड जैसे देश के शीर्ष एसेट मैनेजमेंट कंपनियां शामिल रहीं।
-
वैश्विक एसेट मैनेजर्स: ब्लैकरॉक, कैपिटल ग्रुप, फिडेलिटी, श्रोडर्स, जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट और एलियांज जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय नामों ने हिस्सा लिया।
-
टेक स्पेशलिस्ट व फैमिली ऑफिस: ग्लोबल टेक्नोलॉजी इनवेस्टर ड्रैगोनियर, जैनस हेंडरसन और नाइंटी वन के साथ-साथ भारत के प्रमुख फैमिली ऑफिस जैसे एनाम, प्रेमजी इन्वेस्ट और एचसीएल ने भी एंकर बुक में भागीदारी की।
सॉवरेन और पेंशन फंड्स का लंबा दांव
इश्यू में लंबी अवधि की पूंजी लगाने वाले बड़े सॉवरेन वेल्थ फंड्स और पेंशन फंड्स ने भी रुचि दिखाई। इनमें सिंगापुर का जीआईसी (GIC), अबू धाबी का एडीआईए (ADIA), कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA) और नॉर्वे का नॉर्गेस बैंक शामिल हैं।
इसके साथ ही कैलिफोर्निया स्टेट टीचर्स रिटायरमेंट सिस्टम, फ्लोरिडा रिटायरमेंट सिस्टम, एसबीआई पेंशन, एचडीएफसी पेंशन, आईसीआईसीआई पेंशन और यूटीआई पेंशन फंड जैसे वैश्विक और घरेलू पेंशन फंड्स ने भी एंकर बुक में निवेश किया है।
