अमेरिकी नागरिकता वाले अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस, विरोध प्रदर्शन में हुए थे शामिल
अभिनेता आमिर खान के भांजे और अभिनेता इमरान खान कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। विदेशी नागरिकों से जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
इमरान खान हाल ही में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी लिया था। चूंकि इमरान खान के पास अमेरिका की नागरिकता है और वह भारतीय नागरिक नहीं हैं, इसलिए विदेशी नागरिक होने के बावजूद एक राजनीतिक या सामाजिक विरोध प्रदर्शन में उनकी सक्रिय भागीदारी पर सवाल उठे थे।
मीडिया से बातचीत के दौरान इमरान ने कहा था कि वह किसी राजनीतिक पार्टी या संगठन का प्रतिनिधित्व करने नहीं आए हैं, बल्कि एक आम नागरिक के तौर पर प्रदर्शनकारियों का समर्थन करने पहुंचे हैं। प्रदर्शन के बाद मुंबई पुलिस ने गावदेवी पुलिस स्टेशन में इमरान खान और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुई है FIR
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 126(2), 189(2), 189(3) और 189(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। इनमें सरकारी आदेश का पालन न करने, गलत तरीके से रोकने और गैरकानूनी रूप से भीड़ जुटाने से जुड़े आरोप शामिल हैं। यह कार्रवाई एक पुलिसकर्मी की शिकायत पर की गई थी।
इससे पहले बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने भी पुलिस स्टेशन पहुंचकर इमरान खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि भारतीय नागरिक न होने के बावजूद एक विदेशी नागरिक का इस तरह के विरोध प्रदर्शनों में शामिल होना नियमों का उल्लंघन है। अब FRRO के इस नोटिस के बाद अभिनेता की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
