EPFO बोर्ड का बड़ा फैसला: PF खाते में 10% बैलेंस जरूरी, किस्तों में निकासी का प्लान मंजूर
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के बोर्ड ने पीएफ (PF) खाताधारकों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए निकासी और बचत से जुड़े नियमों में राहत दी है। नए प्रावधान के तहत अब पीएफ खाते में कम से कम 25 प्रतिशत राशि बनाए रखने की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है और इसे घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया गया है।
इसके साथ ही बोर्ड ने रिटायरमेंट के बाद एकमुश्त पैसा निकालने के बजाय धीरे-धीरे किस्तों में निकालने वाले सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (Systematic Withdrawal Plan) को भी मंजूरी दे दी है। इन फैसलों से जरूरत पड़ने पर सदस्यों के हाथ में अधिक राशि आ सकेगी और शेष रकम खाते में रहकर ब्याज अर्जित करती रहेगी।
25% से घटकर 10% हुई न्यूनतम राशि की सीमा
पहले के नियम के अनुसार, पीएफ खाते में कुल जमा का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित रखना आवश्यक था। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी सदस्य के पीएफ खाते में 10 लाख रुपये जमा हैं, तो वह 2.5 लाख रुपये नहीं निकाल सकता था।
नए फैसले के बाद खाते में केवल 10 प्रतिशत राशि यानी 1 लाख रुपये रखना ही जरूरी होगा। शेष 9 लाख रुपये जरूरत पड़ने पर निकाले जा सकेंगे।
रिटायरमेंट के बाद किस्तों में निकासी का विकल्प
बोर्ड ने रिटायरमेंट के बाद राशि निकालने के लिए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान को स्वीकृति दी है। इसके जरिए सदस्य पूरा पैसा एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में निकाल सकेंगे।
इस व्यवस्था से जरूरत के वक्त अधिक नकदी उपलब्ध हो पाएगी, जबकि खाते में बचे पैसे पर ब्याज मिलता रहेगा।
