PPSC के नतीजों को लेकर पंजाब की AAP सरकार पर भड़की बीजेपी; सुधांशु त्रिवेदी ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

sudhanshu

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने गुरुवार, 19 नवंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) के हालिया परिणामों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन नतीजों से इसमें “बहुआयामी भ्रष्टाचार” के आक्षेप और आरोप साफ दिखाई देते हैं।

सुधांशु त्रिवेदी के मुताबिक, 4 नवंबर को घोषित परिणाम में 331 पदों के लिए 751 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। बीजेपी सांसद ने दावा किया कि चयनित अभ्यर्थियों में चार अलग-अलग वर्गों से जुड़े लोग शामिल हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को लेकर चार वर्गों का दावा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि शॉर्टलिस्ट किए गए लोगों में पहला वर्ग नेताओं और मंत्रियों के परिवार से जुड़े लोगों का है, जबकि दूसरा वर्ग उन अधिकारियों के परिजनों का है, जो सरकार के नजदीकी राजदार समझे जाते हैं। उनके अनुसार, तीसरा वर्ग उन लोगों के परिवार से जुड़ा है जो भ्रष्टाचार के आरोपों में आरोपित हैं।

चौथे वर्ग का जिक्र करते हुए त्रिवेदी ने कहा, “चौथी कैटेगरी के वे लोग हैं, जिन्होंने चाहे प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से आम आदमी पार्टी को कुछ पुष्पपत्र अर्पित किए हैं।”

उन्होंने खबरों का हवाला देते हुए दावा किया कि एक ही परीक्षा केंद्र से 24 प्रतिशत प्रत्याशी सफल हो गए, जो संदेह पैदा करता है। उनके मुताबिक, चार परीक्षा केंद्रों के अलग-अलग कमरों में जिस ढंग से अभ्यर्थियों का चयन हुआ, उससे भी सवाल खड़े होते हैं।

मंत्री के बेटे और चंदा देने वालों के परिजनों के चयन का आरोप

सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह के पुत्र, कुछ विधायकों और पार्षदों के परिवार के सदस्य भी इस सूची में चयनित हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि सरकार इस मामले की जांच से क्यों बच रही है।

बीजेपी सांसद ने यह भी दावा किया कि कई कथित भ्रष्ट अधिकारियों के बेटों के साथ-साथ आम आदमी पार्टी को चंदा देने वालों के पुत्रों का भी चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश इस संयोग के यथार्थ को समझ रहा है।

कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल और CBI जांच की मांग

इस मुद्दे पर बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस से भी पूछना चाहते हैं, जो छात्रों के मुद्दों की बात करती है, लेकिन इस मामले पर उसके नेताओं ने एक शब्द भी नहीं बोला है।

सुधांशु त्रिवेदी ने पूरे प्रकरण पर आम आदमी पार्टी से सफाई मांगी है और पूरे मामले की सीबीआई (CBI) से जांच कराने की मांग रखी है।