September 15, 2026

लुधियाना के 3 सरकारी स्कूलों का सोशल ऑडिट, सफाई पर सवाल

kejriwal-1

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने गुरुवार को पंजाब के लुधियाना में तीन सरकारी स्कूलों का सोशल ऑडिट किया। पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो शेयर करते हुए स्कूलों की जमीनी हकीकत साझा की। इस दौरान सरकारी शिक्षा व्यवस्था के अलग-अलग पहलू सामने आए, जहां एक तरफ आधुनिक स्कूलों की तारीफ हुई, वहीं दूसरी तरफ बुनियादी सुविधाओं और कर्मचारियों की कमियों पर सवाल भी उठाए गए।

‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ का इंफ्रास्ट्रक्चर शानदार

सौरव दास ने लुधियाना के सेक्टर-32 स्थित ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ का दौरा करने के बाद कहा कि यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद शानदार है, जो आम तौर पर सरकारी स्कूलों में देखने को नहीं मिलता। हालांकि, उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि वहां के वॉशरूम को और बेहतर तरीके से मेंटेन किया जा सकता है।

इसके विपरीत, जब टीम 1936 में स्थापित एक अन्य सीनियर सेकेंडरी और प्राइमरी स्कूल पहुंची, तो वहां स्थिति काफी अलग नजर आई। वहां का इंफ्रास्ट्रक्चर पुराना था। हालांकि पिछले कुछ सालों में कुछ मेंटेनेंस का काम जरूर हुआ है, लेकिन सीजेपी ने उम्मीद जताई कि सरकार इन स्कूलों पर भी ध्यान देगी ताकि इन बच्चों को भी आधुनिक खेल के मैदान और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं मिल सकें।

साफ-सफाई की कमी और मिड-डे मील वर्करों का मुद्दा

ऑडिट के दौरान टीम ने पाया कि तीनों ही स्कूलों में सफाई कर्मचारियों की संख्या काफी कम थी, जिसके कारण साफ-सफाई पर पूरा ध्यान नहीं मिल पा रहा था। खासकर लड़कियों के वॉशरूम की स्थिति बेहद खराब पाई गई, जहां कई जगह दरवाजे तक नहीं थे।

इसके अलावा, सबसे चौंकाने वाला मुद्दा मिड-डे मील बनाने वाली महिलाओं के मानदेय का रहा। सौरव दास ने बताया कि पंजाब सरकार इन महिलाओं को महज 3,000 रुपये मासिक वेतन देती है, जिससे आज के समय में गुजारा करना बेहद मुश्किल है।

शिक्षा मंत्री और अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया

इन तमाम मुद्दों को लेकर सीजेपी की टीम ने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा, जिस पर उन्होंने सरकार की तरफ से सुधार का आश्वासन दिया है। वहीं, सौरव दास द्वारा शेयर किए गए इस सोशल ऑडिट वीडियो पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सौरव, हमारी कमियों की ओर ध्यान दिलाने के लिए धन्यवाद। हम तुरंत इन पर काम करेंगे।”