मुंबई से रवाना हुए अभिजीत दीपके, पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगे बॉडी कैमरे; ट्रैफिक डायवर्जन लागू

abhijeet

 निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शनिवार, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस की ओर से अनुमति न मिलने के बावजूद सीजेपी नेताओं के दिल्ली कूच को देखते हुए प्रशासन ने जंतर-मंतर और आसपास के पूरे इलाके में पहरा कड़ा कर दिया है।

दीपके का केंद्र सरकार पर तीखा हमला

दिल्ली रवाना होने से पहले अभिजीत दीपके ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने सरकार द्वारा उठाए गए एहतियाती कदमों पर सवाल उठाते हुए कहा, “नरेंद्र मोदी तानाशाह हैं, इतना डर गए हैं कि मेट्रो ट्रेन के रास्ते सब बंद कर दिए हैं। अगर उन्हें इस देश के युवाओं से इतना ही डर लगता है, तो प्रधानमंत्री क्यों बने हैं?”

दीपके और रांका के शनिवार को दिल्ली पहुंचने और अपने समर्थकों के साथ सीधे जंतर-मंतर की ओर बढ़ने का कार्यक्रम है।

वर्दी पर नाइट-विज़न बॉडी कैमरे, रिकॉर्ड होगी हर हलचल

जंतर-मंतर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को हाई-टेक बॉडी कैमरों से लैस किया गया है। ये कैमरे अंधेरे में भी स्पष्ट फुटेज रिकॉर्ड करने में सक्षम हैं, जिससे ड्यूटी के दौरान होने वाली हर गतिविधि का सटीक डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा सके।

सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक पुलिसकर्मी ने बताया कि बॉडी कैमरे जवानों और प्रदर्शन में शामिल लोगों दोनों की सुरक्षा के लिहाज से जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर किसी टकराव या हाथापाई की स्थिति में दिल्ली पुलिस पर मनमाने आरोप मढ़ दिए जाते हैं। ऐसे में कैमरों की रिकॉर्डिंग से यह साफ हो सकेगा कि मौके पर असल में क्या हुआ था और पुलिसकर्मियों ने किस तरह की कार्रवाई की थी।

सुबह 6 बजे से कई मार्गों पर डायवर्जन, अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह

संभावित जमावड़े को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार के लिए विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह 6 बजे से ही जमीनी स्थिति के आधार पर कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता को सलाह दी है कि यदि किसी को नई दिल्ली या मध्य दिल्ली के रास्तों से होकर रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस अड्डों (ISBT) या हवाई अड्डे की यात्रा करनी है, तो वे घर से पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर निकलें ताकि डायवर्जन के चलते किसी तरह की देरी या परेशानी का सामना न करना पड़े।