उपचुनाव 2026 Live: तमिलनाडु में शुरुआती रुझानों में विजय की TVK ने बनाई बढ़त, नगांव और बंगाल की 2 सीटों पर भी वोटों की गिनती जारी
देश के चार राज्यों की छह महत्वपूर्ण सीटों पर हुए उपचुनावों के लिए शुक्रवार (9 अक्टूबर, 2026) सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना जारी है। इन सीटों में तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटें (मदुरंतकम और धारापुरम), पश्चिम बंगाल की दो सीटें (नंदीग्राम और रेजिनगर), पुडुचेरी की थट्टांचावडी विधानसभा सीट और असम की हाई-प्रोफाइल नगांव लोकसभा सीट शामिल हैं। शुरुआती दौर में पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ ही रुझान सामने आने लगे हैं।
तमिलनाडु: पोस्टल बैलेट में विजय की पार्टी TVK आगे, NTK का पलटवार
तमिलनाडु की दोनों विधानसभा सीटों पर अभिनेता विजय की पार्टी ‘तमिलागा वेत्री कझगम’ (TVK) ने शुरुआती पोस्टल बैलेट की गिनती में बढ़त बनाकर चौंकाया है:
-
मदुरंतकम सीट: पोस्टल बैलेट की गिनती में टीवीके उम्मीदवार मरगथम कुमारवेल को 55 वोट, सत्तारूढ़ डीएमके को 46 वोट और एआईएडीएमके को 22 वोट मिले हैं। मतगणना के बीच नाम तमिलर काची (NTK) के प्रत्याशी जनाकीरामन ने कहा कि जमीन पर असली बदलाव एनटीके ही लेकर आएगी, टीवीके नहीं, और उन्हें जनता के फैसले पर पूरा भरोसा है।
-
धारापुरम (तारापुरम) सीट: यहां भी टीवीके प्रत्याशी पी. सत्यभामा ने शुरुआती बढ़त हासिल की है। पोस्टल बैलेट में सत्यभामा को 54 वोट, डीएमके उम्मीदवार सुकन्या को 48 वोट और एआईएडीएमके प्रत्याशी बानुमाथी को 23 वोट प्राप्त हुए हैं।
असम: नगांव लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला
असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना दो प्रमुख केंद्रों—डॉसन हायर सेकेंडरी स्कूल और गवर्नमेंट बॉयज स्कूल में कराई जा रही है। दोनों ही केंद्रों पर 14-14 टेबल लगाए गए हैं। इस सीट पर मुख्य मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है, जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के देबाशीष शर्मा, कांग्रेस की शिवमोनी बोरा और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के प्रमुख व पूर्व सांसद बदरुद्दीन अजमल मैदान में हैं।
बंगाल और पुडुचेरी में भी कड़ा पहरा
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीटों पर भी सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। मई में पश्चिम बंगाल की सत्ता में आने के बाद यह भाजपा के लिए पहली बड़ी चुनावी परीक्षा मानी जा रही है, जिस पर राज्य और केंद्र दोनों की नजरें टिकी हैं। वहीं, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टांचावडी सीट पर भी मतगणना केंद्रों पर भारी सुरक्षा बल तैनात है।
चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार, डाक मतपत्रों (पोस्टल बैलेट) की गिनती पूरी होने के तुरंत बाद ईवीएम (EVM) के वोटों की गिनती शुरू की जाएगी, जिसके बाद नतीजों की स्पष्ट तस्वीर सामने आने लगेगी।
