रवि किशन का राहुल गांधी पर हमला, कहा- चुनाव में हरा नहीं पाते तो हाईजैक कर रहे, वो अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं

ravi kishan

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में हो रहे ‘INDIA’ ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ा पलटवार किया है। गोरखपुर से बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि वे अपना ‘मानसिक संतुलन’ खो चुके हैं।

छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे रवि किशन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन को पूरी तरह से हताशा का नतीजा बताया।

‘मारपीट पर उतारू हैं राहुल गांधी’

दिल्ली में सोमवार को हुए विपक्षी मार्च की तस्वीरों का जिक्र करते हुए रवि किशन ने कहा, “दिल्ली में जिस तरह की तस्वीरें सामने आ रही हैं, उससे लग रहा है कि राहुल गांधी अपना मानसिक संतुलन पूरी तरह खो चुके हैं। वो किसी को कोहनी से मार रहे हैं, मारपीट पर उतारू हैं। इसी तरह उत्तर प्रदेश में भी दो दिन पहले कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी के दौरान मारपीट में जूते-चप्पल चले।”

’65 साल देश का शोषण किया, अब पीछे ले जाना चाहते हैं’

रवि किशन ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरा नहीं पा रहे हैं, इसलिए वे ऐसे आंदोलन कर व्यवस्था को हाईजैक करने पर आ गए हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “इन लोगों ने 65 साल तक देश का शोषण किया और अब ये चाहते हैं कि देश फिर से 65 साल पीछे चला जाए। ये लोग जनता से पूछ ही नहीं रहे कि वह क्या चाहती है? जनता मोदी जी और बीजेपी सरकार को चाहती है। पिछले 12 सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान विश्व स्तर पर बढ़ा है।”

हार सामने देखते ही याद आती है वोट चोरी: रवि किशन

बीजेपी सांसद ने राहुल गांधी से सवाल किया कि जब वे चुनाव जीतते हैं या उनकी सरकारें बनती हैं, तब ईवीएम (EVM) और वोट चोरी की याद क्यों नहीं आती?

उन्होंने कहा, “जीतने पर आपके लिए सब कुछ सही हो जाता है। लेकिन जब आपको जमीनी हकीकत पता चलती है कि आप 2027 का चुनाव हारने जा रहे हैं, पंजाब और उत्तराखंड में हारने वाले हैं, तो आप मोदी को हरा नहीं सकते इसलिए जनता को परेशान करते हैं।”

विपक्ष को नसीहत देते हुए रवि किशन ने कहा कि राजनीति मारपीट से नहीं, बल्कि विचारों और विकास के रोडमैप से होती है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में 2017 का रिकॉर्ड तोड़ेगी और 2029 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से केंद्र में सरकार बनेगी।