शिवा शर्मा मौत मामला: मॉडल श्रद्धा दुबे के घर से मिली विदेशी शराब और ‘टॉय’, बड़े नेताओं-अफसरों से कनेक्शन का भी खुलासा
राजधानी लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा (Shiva Sharma) की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में शिवा की मॉडल गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे (Shraddha Dubey) और उसकी बहन रश्मि दुबे अब पुलिस के रडार पर हैं।
पुलिस ने श्रद्धा दुबे के फ्लैट पर छापेमारी की, जहां से विदेशी ब्रांड की सिगरेट, महंगी शराब की कई बोतलें और एक इलेक्ट्रॉनिक एडल्ट टॉय बरामद हुआ है। पुलिस ने इन सभी सामानों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
20 से ज्यादा नंबर सर्विलांस पर, CCTV में कैद हुई घटना
फरार आरोपी बहनों, श्रद्धा और रश्मि दुबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जाल बिछा दिया है। दोनों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए पुलिस ने 20 से ज्यादा लोगों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर डाल दिए हैं।
इस बीच, पुलिस के हाथ एक अहम CCTV फुटेज भी लगा है। इस फुटेज में शिवा शर्मा को नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि शिवा के गिरते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति रुक जाता है और कुछ अन्य लोग मदद के लिए दौड़ते हैं। इसके बाद शिवा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
2022 के बाद अचानक कैसे बदली लाइफस्टाइल?
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि श्रद्धा दुबे और उसकी छोटी बहन रश्मि साल 2022 में काम के सिलसिले में लखनऊ आई थीं। इसके बाद सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने कई रसूखदार लोगों से जान-पहचान बढ़ाई और उनका दायरा बढ़ता चला गया।
अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महज चार साल के भीतर दोनों बहनों की लाइफस्टाइल में इतना बड़ा बदलाव कैसे आया और उनकी इस लग्जरी लाइफ के लिए फंडिंग कहां से हो रही थी।
मुंबई के ओबेरॉय होटल में नेता के बेटे के साथ रुकी थी श्रद्धा
मॉडल श्रद्धा दुबे को लग्जरी लाइफ जीने का खासा शौक था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर देश-विदेश के महंगे होटलों में रुकने की कई तस्वीरें मौजूद हैं। सूत्रों के हवाले से यह भी सामने आया है कि श्रद्धा दुबे मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित बेहद महंगे ‘द ओबेरॉय’ (The Oberoi) होटल में भी रुकी थी।
बताया जा रहा है कि इस ट्रिप पर उसके साथ एक बड़े नेता का बेटा भी था। इस होटल में ओशन व्यू (समुद्र की तरफ खुलने वाले) कमरों का एक दिन का किराया 30 हजार रुपये से अधिक है।
ब्लैकमेलिंग का खेल और BJP नेता का फोन
पुलिस जांच में श्रद्धा दुबे का ‘हनीट्रैप’ और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा एक कथित पैटर्न भी सामने आ रहा है। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा बड़े कारोबारियों और संपन्न परिवारों के लोगों से पहले दोस्ती करती थी और फिर कथित तौर पर उन पर चोरी का इल्जाम लगाकर फंसाने की धमकी देकर वसूली करती थी।
श्रद्धा के बड़े रसूख का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक मामले में प्रयागराज के एक बीजेपी नेता ने हजरतगंज थाने में फोन कर श्रद्धा को अपनी ‘भतीजी’ बताते हुए उसकी पैरवी की थी। इसके बाद से श्रद्धा अक्सर हजरतगंज थाने में पुलिसकर्मियों पर बड़े नेताओं और अफसरों के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर धौंस जमाती थी।
बता दें कि श्रद्धा दुबे के सोशल मीडिया अकाउंट पर लगभग 1.40 लाख फॉलोअर्स हैं। इस घटना के सुर्खियों में आने से पहले उत्तर प्रदेश के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उसे फॉलो करते थे, लेकिन मामला गर्माने के बाद कई लोगों ने उसे आनन-फानन में अनफॉलो कर दिया है।
