September 15, 2026

जेडीयू नेता छोटू सिंह के तेवर तल्ख, बोले- ‘नीरज कुमार को नहीं जीतने देंगे एमएलसी चुनाव’

Nitish-shah

बिहार की सियासत में इन दिनों बयानों के तीर और आंतरिक कलह खुलकर सामने आने लगी है। हाल ही में बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी की हार और प्रशांत किशोर की जीत के बाद अब जेडीयू के भीतर भी घमासान मच गया है। जेडीयू के पूर्व नेता छोटू सिंह ने एक टीवी इंटरव्यू के दौरान पार्टी नेतृत्व और विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिससे सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि वे पटना स्नातक सीट से जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार को किसी भी कीमत पर जीतने नहीं देंगे।

‘सवर्ण समाज के नाम पर धब्बा हैं नीरज कुमार’

छोटू सिंह ने नीरज कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे सवर्ण समाज के नाम पर एक धब्बा हैं और हमेशा गुंडे की भाषा बोलते हैं। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “पद रहे या न रहे, मेरे लिए मान-सम्मान से बढ़कर कोई पद नहीं है।” छोटू सिंह ने प्रशांत किशोर का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता जब ताकत देती है तो शून्य से भी शिखर पर पहुंचा जा सकती है।

बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह के पद से हटने की चर्चाओं पर बोलते हुए छोटू सिंह ने बड़ा दावा किया कि यदि अवधेश बाबू को हटाया जाता है, तो बिहार से एनडीए की सत्ता भी जा सकती है।

अनंत सिंह के समर्थन पर क्या बोले छोटू सिंह?

एमएलसी चुनाव में बाहुबली नेता अनंत सिंह द्वारा डॉ. अनुज को समर्थन दिए जाने के बाद से नीरज कुमार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इस पर छोटू सिंह ने खुलकर कहा कि सवर्ण समाज अनंत बाबू को अपना नेता मानता है और कोई भी पार्टी हो, अनंत बाबू जिसे चाहेंगे वही एमएलसी बनेगा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “नीरज कुमार कहते हैं कि जेडीयू दफ्तर में घुसने नहीं देंगे… तो क्या तुम एमएलसी हो या गेटकीपर? आज नीतीश कुमार ठीक होते तो नीरज इस तरह की भाषा नहीं बोलते। जिस दिन हमने अपने सात नंबर आवास की पोल खोल दी, उस दिन सच्चाई सामने आ जाएगी। यह तो अभी फिल्म का पहला एपिसोड है।”

छोटू सिंह के इस तीखे तेवर और बगावती तेवरों से बिहार एनडीए और खास तौर पर जेडीयू की आंतरिक मुश्किलें आगामी चुनावों से पहले बढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं।