‘ललन सिंह से आशीर्वाद लेने का सवाल ही पैदा नहीं होता…’, जीत के बाद JDU एमएलसी नीरज कुमार के तेवर तल्ख

jdu

बिहार विधान परिषद चुनाव (Bihar MLC Election) में पटना स्नातक सीट से जीत दर्ज करने वाले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार ने जीत के बाद एक बड़ा और तीखा बयान दिया है। गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात के बाद नीरज कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि वह पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से आशीर्वाद लेने नहीं जाएंगे।

‘ललन सिंह से आशीर्वाद लेने का सवाल ही नहीं’

मीडिया से बातचीत के दौरान जब नीरज कुमार से पूछा गया कि क्या वह अपनी जीत के बाद ललन सिंह का आशीर्वाद लेने जाएंगे, तो उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा, “मैं उनके पास आशीर्वाद लेने नहीं जाऊंगा। ललन सिंह से आशीर्वाद लेने का सवाल ही पैदा नहीं होता।”

माना जा रहा है कि एमएलसी चुनाव के दौरान प्रचार में कथित दूरी और अनंत सिंह के मामले में ललन सिंह के रुख को लेकर नीरज कुमार नाराज चल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा, “मेरी जीत के बाद किनके घर में मातम है, यह सभी जानते हैं।” अपनी नाराजगी जताते हुए उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि कोई बताए कि उनका कसूर क्या था, क्योंकि उन्हें चुनाव के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए नेताओं का जताया आभार

चुनाव में मिली जीत के बाद नीरज कुमार ने नीतीश कुमार और एनडीए के अन्य शीर्ष नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “राजनीति में जो मुझे मिलता है, उसे सूद सहित वापस करता हूं… नीतीश कुमार और एनडीए के नेताओं का आभार है… पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का मार्गदर्शन मिला।”

इससे पहले बुधवार को पटना स्नातक सीट पर जीत हासिल करने के बाद नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी, जहां सीएम ने उन्हें जीत की बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की थी।