BCCI का नया टाइटल स्पॉन्सर कौन? ₹4.85 करोड़ प्रति मैच की डील, इस कंपनी का नाम आगे

bcci

मुंबई: भारत में होने वाले क्रिकेट मुकाबलों के टाइटल स्पॉन्सर के तौर पर अब मुथूट फिनकॉर्प का नाम सामने आ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने भारतीय क्रिकेट के अगले दो घरेलू सीजन के टाइटल राइट्स हासिल किए हैं। यह करार 31 मार्च 2028 तक लागू रहने की बात कही गई है।

मुथूट फिनकॉर्प की ब्रांडिंग भारत-वेस्टइंडीज वनडे सीरीज से शुरू हो सकती है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में होना है। इस साझेदारी में भारत में खेले जाने वाले अंतरराष्ट्रीय मैचों के साथ घरेलू क्रिकेट मुकाबले भी शामिल रहेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में करीब 35 अंतरराष्ट्रीय घरेलू मैच खेले जाने हैं, जिनमें 10 टेस्ट, 12 वनडे और 13 टी20 मुकाबले शामिल हो सकते हैं।

हर मैच के लिए 4.85 करोड़ रुपये की बेस कीमत

सूत्रों के हवाले से इस स्पॉन्सरशिप डील को ‘ब्लू मुथूट’ नाम दिया गया है। इसके लिए प्रति मैच 4.85 करोड़ रुपये की आधार कीमत तय होने की जानकारी है। हालांकि, अंतिम राशि क्या रहेगी, इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है, क्योंकि बीसीसीआई की ओर से इस करार का औपचारिक एलान होना बाकी बताया गया है।

इससे पहले आईडीएफसी फर्स्ट बैंक भारतीय क्रिकेट के घरेलू मैचों का टाइटल स्पॉन्सर था। रिपोर्ट के अनुसार, बैंक प्रति मैच 4.2 करोड़ रुपये का भुगतान कर रहा था। यानी प्रस्तावित नई दर पिछली डील से अधिक है।

कई ब्रांड्स से बातचीत के बाद हुआ फैसला

रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने टाइटल पार्टनर चुनने से पहले कई कंपनियों से संपर्क किया था। इनमें गूगल जेमिनी, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, स्पिनी और एसबीआई लाइफ जैसे नाम शामिल थे। शुरुआत में राइट्स के लिए ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखी, जिसके बाद बोर्ड ने संभावित कंपनियों से सीधे बातचीत का रास्ता अपनाया।

Campa, SBI Life और ChatGPT पहले ही बने एसोसिएट पार्टनर

घरेलू क्रिकेट सीजन के लिए बीसीसीआई ने Campa, SBI Life और ChatGPT को दो सीजन के लिए एसोसिएट पार्टनर बनाया है। इनकी साझेदारी भी वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज से शुरू होकर मार्च 2028 तक चलेगी।

बीसीसीआई के मुताबिक, इन तीनों करारों की कुल कीमत 130 करोड़ रुपये से अधिक है। यह पिछले चक्र की तुलना में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। बोर्ड ने इसे भारतीय घरेलू क्रिकेट की मजबूत कारोबारी पहुंच और बड़े ब्रांड्स के भरोसे का संकेत बताया है।

अब यदि मुथूट फिनकॉर्प के साथ टाइटल स्पॉन्सरशिप का औपचारिक एलान होता है, तो भारत की घरेलू सीरीज में टाइटल पार्टनर के साथ Campa, SBI Life और ChatGPT जैसे एसोसिएट ब्रांड भी नजर आएंगे।