भारत में होने वाले टूर्नामेंट से कटा पाकिस्तान का पत्ता, अब बांग्लादेश की हुई एंट्री

hocky

नई दिल्ली: एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी (Asian Hockey Champions Trophy 2026) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। इस टूर्नामेंट से पाकिस्तान का नाम कट गया है और उसकी जगह अब बांग्लादेश को शामिल किया गया है। यह अहम हॉकी टूर्नामेंट भारत की मेजबानी में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच पंजाब के जालंधर और मोहाली में खेला जाएगा।

क्यों बाहर हुआ पाकिस्तान?

6 टीमों वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहले पाकिस्तान को शामिल किया गया था। लेकिन, पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने एशियाई हॉकी संघ (AHF) के सामने मांग रखी थी कि उनके मुकाबले भारत के बजाय किसी ‘न्यूट्रल वेन्यू’ (तटस्थ स्थान) पर कराए जाएं। इस मांग पर हॉकी इंडिया के महासचिव और एशियन हॉकी फेडरेशन के उपाध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने स्पष्ट कर दिया था कि वेन्यू में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

इसके बाद हॉकी इंडिया द्वारा जारी की गई आधिकारिक रिलीज में टूर्नामेंट का हिस्सा बनने वाली 6 टीमों के नामों का जिक्र किया गया, जिसमें पाकिस्तान का नाम गायब था। अब भारत के साथ जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश की टीमें टूर्नामेंट में खेलेंगी।

रिजर्व टीम के तौर पर बांग्लादेश की एंट्री

पिछले महीने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में टूर्नामेंट के शेड्यूल का ऐलान किया था, तब पाकिस्तान की भागीदारी का दावा किया गया था। इस कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे। किसी भी टीम के नाम वापस लेने की स्थिति से निपटने के लिए बांग्लादेश और ओमान को पहले से ही रिजर्व टीमों के रूप में रखा गया था। पाकिस्तान के बाहर होने पर इसी नियम के तहत बांग्लादेश की टूर्नामेंट में एंट्री हुई है।

जालंधर और मोहाली में होंगे मुकाबले

यह टूर्नामेंट पंजाब के दो प्रमुख शहरों में आयोजित होगा:

  • लीग स्टेज: लीग स्टेज के सभी मैच जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

  • सेमीफाइनल और फाइनल: टूर्नामेंट के अहम और नॉकआउट मुकाबले मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होंगे। सेमीफाइनल और फाइनल मैच 4 और 5 नवंबर को खेले जाएंगे।

गौरतलब है कि 2008 के मुंबई आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय हॉकी नहीं खेली गई है। दोनों टीमें सिर्फ बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में ही आमने-सामने आती हैं। भारतीय हॉकी टीम ने आखिरी बार 2006 में पाकिस्तान में सीरीज खेली थी।