दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को बंद रहेंगी शराब की दुकानें, कानून-व्यवस्था के मद्देनजर आबकारी विभाग ने जारी किया आदेश
राजधानी दिल्ली में मौजूदा स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 9 और 10 अक्टूबर को शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। दिल्ली आबकारी विभाग (Excise Department) ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। यह कदम राजधानी में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
दिल्ली पुलिस के इनपुट पर लिया गया फैसला
आबकारी विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय दिल्ली पुलिस से मिली खुफिया जानकारी और रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। पुलिस इनपुट में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए एहतियाती कदम उठाने की सिफारिश की गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने पब्लिक ऑर्डर बनाए रखने के लिए दो दिनों तक शराब की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने का फैसला किया।
CEC के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन
राजधानी में राजनीतिक हलचल तेज है और विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। शहर के विभिन्न हिस्सों में सियासी दलों के कार्यकर्ताओं की आवाजाही और प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन
विपक्षी दलों के प्रदर्शन के अलावा 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी जंतर-मंतर पर बड़े विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। जंतर-मंतर पर जुटने वाली भीड़ और सुरक्षा संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए सतर्कता बरत रहा है।
लगातार हो रहे इन विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने दोनों दिन शराब के ठेके पूरी तरह बंद रखने का निर्देश लागू किया है।
