पूर्वांचल से बजेगा मिशन 2027 का बिगुल? अगले महीने यूपी आ सकते हैं अमित शाह
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी संगठनात्मक और चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। अगले महीने से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उत्तर प्रदेश दौरा संभावित है, जिसके जरिए वे प्रदेश में चुनावी अभियान और रणनीति को धार देते नजर आ सकते हैं।
प्रस्तावित दौरे के दौरान अमित शाह का मुख्य ध्यान संगठन को मजबूत करने, कमजोर सीटों पर पार्टी की स्थिति सुधारने और सियासी समीकरण साधने पर रहने की संभावना है। उनके दौरे की शुरुआत पूर्वांचल से होने के संकेत मिल रहे हैं, जहां तैयारियों की समीक्षा के साथ चुनावी रोडमैप को अंतिम रूप दिया जा सकता है।
40 पर्यवेक्षक संभालेंगे कमान, गांव-गांव लगेंगी चौपालें
मिशन-2027 के तहत बीजेपी ने सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी गतिविधियों को तेज करते हुए 40 पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी है। हर दो जिलों के बीच एक पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है।
ये पर्यवेक्षक गांव-गांव जाकर चौपाल लगाएंगे और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार करेंगे। इसके साथ ही वे जनता के बीच सरकार के कामकाज का फीडबैक भी लेंगे। पर्यवेक्षकों से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर पार्टी तैयारियों की समीक्षा कर केंद्रीय नेतृत्व को जानकारी देगी।
छह क्षेत्रों में दूसरे राज्यों के संगठन मंत्रियों की तैनाती
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए बीजेपी ने छह क्षेत्रों में दूसरे राज्यों से आए संगठन मंत्रियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी का विशेष जोर उन सीटों और क्षेत्रों पर है, जहां संगठनात्मक मजबूती की जरूरत बताई जा रही है।
बीजेपी की चुनावी रणनीति के तहत संगठन, विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दों को लेकर मतदाताओं के बीच पहुंचने की तैयारी की जा रही है।
