देव दीपावली पर जगमगाएगी काशी, 10 लाख पर्यटक और ₹500 करोड़ के कारोबार की उम्मीद
काशी में 24 नवंबर को देव दीपावली मनाई जाएगी। इस बार दीपोत्सव में 10 लाख से अधिक पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने का अनुमान है। बड़ी संख्या में सैलानियों के आने से जिले में करीब 500 करोड़ रुपये का व्यापार होने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व के साथ-साथ यह पर्व अब वाराणसी की अर्थव्यवस्था के लिए भी बड़ा आधार बन चुका है।
घाटों के पास होटल और क्रूज फुल, ढाई लाख तक पहुंचे बजड़े के दाम
एबीपी न्यूज़ को मिली जानकारी के अनुसार, देव दीपावली के लिए वाराणसी के गंगा घाटों के करीब स्थित ज्यादातर होटल पहले ही बुक हो चुके हैं। जिन होटलों में कमरे उपलब्ध हैं, उनके किराए काफी बढ़ चुके हैं।
देव दीपावली पर पर्यटक नौका विहार करते हुए गंगा घाटों का नजारा देखना सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। इसी वजह से गंगा नदी में चलने वाले बड़े नाव और बजड़ों की बुकिंग 15,000 रुपये से लेकर ढाई लाख रुपये तक में हुई है। क्रूज की बुकिंग भी पूरी तरह फुल हो चुकी है।
1985 में सिर्फ छह घाटों से हुई थी शुरुआत
वाराणसी के गंगा घाटों के स्थानीय लोगों के मुताबिक, साल 1985 में केवल छह घाटों पर दीपोत्सव के साथ देव दीपावली की शुरुआत हुई थी। अब यह आयोजन काफी भव्य रूप ले चुका है और पूरे घाटों को दीयों से सजाया जाता है।
एक घंटे का दीपोत्सव और लेजर-ड्रोन शो मुख्य आकर्षण
करीब एक घंटे तक चलने वाले इस मुख्य दीपोत्सव को देखने के लिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटक महीनों पहले ही होटल और नाव की बुकिंग करा लेते हैं। दीयों की रोशनी के साथ लेजर शो, क्रैकर्स शो, ड्रोन शो और गंगा आरती इस आयोजन की भव्यता को और बढ़ाते हैं।
