अमित शाह का राहुल गांधी पर करारा पलटवार: ‘जब जीतते हो तो सब ठीक, हारते हो तो EVM और चुनाव आयोग खराब…
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चुनाव आयोग के एसआईआर (SIR) को लेकर मचे राजनीतिक घमासान और दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों को लेकर विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। शाह ने राहुल गांधी द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों का करारा जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस के दोहरे मानदंड अब नहीं चलेंगे। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर विपक्ष ऐसे ही नकारात्मक राजनीति करता रहा, तो अगले 30 साल तक उनकी सरकार नहीं बनने वाली है।
‘मुझे हर 6 महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता’
राहुल गांधी ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अमित शाह और पीएम मोदी के पुराने बयान दिखाते हुए सवाल उठाया था कि बीजेपी नेताओं को पहले से कैसे पता होता है कि वे कब तक सत्ता में रहेंगे। इसका जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा, “जब मैं कहता हूं कि 30 साल तक बीजेपी की सरकार रहेगी, तो ये कहते हैं कि देखो वोट चोरी है। अरे भाई, अमित शाह तो यहीं जन्मा है, यहीं रहता है और यहीं मरेगा। मुझे हर छह महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता।”
शाह ने तंज कसते हुए आगे कहा, “आप जिस तरह की नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं, उसके आधार पर मैं कहता हूं कि 2014 से लेकर अगले 30 साल तक आपकी सरकार कभी नहीं बनने वाली है।”
जीत पर ‘सब ठीक’, हार पर ‘चुनाव आयोग खराब’
दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने विपक्ष की ‘सुविधाजनक राजनीति’ पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु में आप जीत गए तो इलेक्शन कमीशन अच्छा है, मतदाता सूची अच्छी है, ईवीएम अच्छी है। लेकिन जहां हार जाते हैं, वहां चुनाव आयोग ठीक नहीं है।”
शाह ने न्यायपालिका के मामले में भी विपक्ष को घेरा और कहा कि अगर फैसला उनके पक्ष में आए तो अदालतें अच्छी हैं, और विरोध में आए तो खराब। “राहुल जी, जनता आपको जान चुकी है। आप कुछ आसपास के प्रदेशों से कैडर इकट्ठा करके दिल्ली में प्रदर्शन कर जनादेश को झुठला नहीं सकते,” शाह ने कहा।
विदेशी दौरे पर कसा तंज
राहुल गांधी के कथित वियतनाम दौरे पर इशारा करते हुए अमित शाह ने कहा, “मुझे मालूम है आप मेरी आवाज नहीं सुन सकते। आप विदेश में कहीं बैठे हैं, क्यों बैठे हैं, यह बताते भी नहीं। वह आपकी निजी जिंदगी है, लेकिन एक बार आप दिल्ली लैंड कर जाइए, मेरी बात सुन कर रखना कि अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला है।”
शाह ने कहा कि बीजेपी का बूथ कार्यकर्ता से लेकर प्रधानमंत्री तक जनता के बीच रहते हैं और उनकी समस्याओं को सुलझाने के लिए मेहनत करते हैं।
‘धरना-प्रदर्शन से नहीं बनेगी बात’
दिल्ली में हो रहे धरना-प्रदर्शनों पर टिप्पणी करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि राजनीतिक हथकंडों और ‘भीड़शाही’ से देश के जनादेश को नहीं झुठलाया जा सकता। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि अगर चुनाव जीतना है तो लोगों के बीच रहना होगा। शाह ने चेतावनी दी कि अगर उन्होंने सकारात्मक काम नहीं किया, तो बचा-खुचा भी हाथ से चला जाएगा।
