अखिलेश का रामपुर दौरा: जेल में आजम खान से मुलाकात, राजभर का तंज- ‘मुस्लिम वोटों के लिए चुनावी दिखावा कर रहे सपा प्रमुख’

op

समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज रामपुर जिला कारागार में बंद पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने आरोप लगाया है कि यह मुलाकात महज एक चुनावी दिखावा है और सपा प्रमुख का असली मकसद आजम खान के जरिए मुस्लिम समुदाय का वोट हासिल करना है।

राजभर के गंभीर आरोप- ‘अखिलेश ने ही भिजवाया जेल’

ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए दावा किया कि आजम खान को जेल भिजवाने के पीछे खुद अखिलेश यादव की भूमिका थी। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय अब अखिलेश से मांग कर रहा है कि वे किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करें। राजभर के मुताबिक, ऐसा होने पर ही मुस्लिम समाज समाजवादी पार्टी को वोट देगा।

45 मिनट की मुलाकात और आगे का कार्यक्रम

रामपुर जेल में अखिलेश यादव और आजम खान के बीच इस मुलाकात के लिए करीब 45 मिनट का समय निर्धारित किया गया था। सपा प्रमुख के आगमन को देखते हुए शहर में उनके स्वागत के पोस्टर लगाए गए और जेल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। राजनीतिक हलकों में इस दौरे को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

जेल में मुलाकात के बाद अखिलेश यादव का आजम खान के घर जाकर उनके परिजनों से मिलने का भी कार्यक्रम तय है। वहां से वे सीधे जौहर विश्वविद्यालय पहुंचेंगे और फिर लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

15 सीटों की डिमांड का तंजीम फातिमा ने किया था खंडन

इस महीने की शुरुआत में राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर थी कि आजम खान ने अखिलेश यादव से 15 सीटों की मांग की है। आजम खान की पत्नी और पूर्व राज्यसभा सांसद तंजीम फातिमा ने प्रेस वार्ता कर इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया था।

6 अक्टूबर को अखिलेश यादव से हुई अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए फातिमा ने स्पष्ट किया था कि वह अपने जातिगत मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उनसे मिली थीं और वह सिर्फ एक पारिवारिक मुलाकात थी। उन्होंने बताया था कि उस दौरान किसी भी सीट या चुनाव में खड़े होने वाले उम्मीदवारों को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई थी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग की जांच को लेकर तंजीम फातिमा ने कहा था कि वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।