गोरखपुर में BJP के बागी MLC का सपा प्रत्याशी को खुला समर्थन, चुनाव प्रचार के विज्ञापन में छपी तस्वीर

yogi

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर हो रहे चुनाव के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर से एक दिलचस्प सियासी घटनाक्रम सामने आया है। यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने खुलेआम समाजवादी पार्टी (SP) के प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी का समर्थन कर दिया है। हालात ये हैं कि सपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार वाले विज्ञापन में बीजेपी एमएलसी की तस्वीर और उनकी फेसबुक पोस्ट प्रमुखता से छापी गई है।

सपा के विज्ञापन में छपी बीजेपी नेता की पोस्ट

गोरखपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा ने संजयन त्रिपाठी को अपना उम्मीदवार बनाया है। संजयन के चुनावी विज्ञापन में 19 अक्टूबर को लिखी गई बीजेपी एमएलसी देवेंद्र सिंह की एक फेसबुक पोस्ट का जिक्र किया गया है।

इस पोस्ट में देवेंद्र सिंह ने लिखा था कि शिक्षक और प्रतियोगी नौजवान उनके परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने दावा किया कि न्याय के लिए उनके संघर्ष को अपमानित किया गया। पोस्ट के जरिए उन्होंने संघर्ष में विश्वास रखने वाले शिक्षक साथियों से अन्याय व अपमान के खिलाफ 23 अक्टूबर को सशक्त जनादेश देने की प्रार्थना की थी।

वीडियो जारी कर कहा- ‘डर के आगे जीत है’

फेसबुक पोस्ट के अलावा 21 अक्टूबर (गुरुवार) को देवेंद्र सिंह ने एक वीडियो संदेश भी जारी किया, जिसमें उन्होंने मतदाताओं से सीधे तौर पर सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

शिक्षकों को धमकाए जाने का आरोप लगाते हुए देवेंद्र सिंह ने कहा, “किसी भी सूरत में शिक्षकों को धमकाया जाना मुझे स्वीकार नहीं है। मताधिकार आपका अधिकार है और डरने की जरूरत नहीं है। मैं आपके साथ खड़ा हूं, डर के आगे जीत है।” उन्होंने निरंकुश तंत्र पर अंकुश लगाने के लिए मजबूत जनादेश की अपील की और कहा कि शिक्षकों व प्रतिभाशाली नौजवानों का हित उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।

गोरखपुर में बीजेपी के तीन बड़े नेता बन चुके हैं बागी

गोरखपुर शिक्षक एमएलसी सीट पर बीजेपी ने ध्रुव त्रिपाठी को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। संजयन त्रिपाठी पहले बीजेपी में ही थे, लेकिन टिकट न मिलने से नाराज होकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया, जिसने उन्हें अपना प्रत्याशी बना दिया।

इस चुनाव में गोरखपुर से बीजेपी के भीतर भारी बगावत देखने को मिल रही है। शिक्षक चुनाव को लेकर अब तक पार्टी के तीन बड़े नेता बागी रुख अपना चुके हैं। इनमें सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी के अलावा विश्वजीत त्रिपाठी और खुद मौजूदा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का नाम शामिल है।