Shiva Sharma Case: श्रद्धा दुबे की जमानत खारिज, जेल में कटी पहली रात, CCTV में दिखा नया संदिग्ध

shiva

राजधानी लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को अदालत से झटका लगा है। जमानत अर्जी खारिज होने के बाद श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि दुबे की जेल में पहली रात बेचैनी और तनाव के बीच गुजरी। जेल प्रशासन ने दोनों बहनों को सामान्य बैरक में शिफ्ट कर दिया है। इस बीच, पुलिस की जांच में एक नया अहम सुराग हाथ लगा है। घटना वाली रात अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में एक नया व्यक्ति नजर आया है, जिसके बाद पुलिस ने मददगारों की तलाश तेज कर दी है।

जेल की पहली रात: नहीं खाया खाना, बदलती रही करवटें

जेल प्रशासन ने श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि को 45 अन्य महिला कैदियों के साथ बैरक में रखा है। वहीं, मामले के तीसरे आरोपी ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर को सामान्य पुरुष बैरक में भेजा गया है।

जेल अधिकारियों के मुताबिक, दोनों बहनों के चेहरे पर भारी तनाव था और वे अन्य महिला कैदियों से बातचीत करने से बचती रहीं। रात के खाने में जेल मेन्यू के हिसाब से उन्हें साबुत उड़द की दाल, रोटी और आलू-सोया मेथी की सब्जी दी गई, लेकिन श्रद्धा ने ठीक से खाना नहीं खाया। रातभर दोनों बहनें जमीन पर लगे बिस्तर पर करवटें बदलती रहीं। सुबह नाश्ते में उन्हें मीठा दलिया और चाय, जबकि दोपहर में सामान्य बंदियों की तरह उड़द-राजमा, आलू-लौकी की सब्जी, चावल और रोटी परोसी गई।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी कोर्ट में पेशी

जिला कारागार के जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी ने बताया कि क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को सामान्य बैरकों में शिफ्ट किया गया है। जेल में इनकी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। महिला डिप्टी जेलर दोनों बहनों की और पुरुष डिप्टी जेलर तनवीर की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा कारणों को देखते हुए तय तारीख पर तीनों आरोपियों की कोर्ट में पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कराई जाएगी।

CCTV फुटेज में ‘आमिर’ की एंट्री, मददगारों पर पुलिस की नजर

शिवा शर्मा की मौत की जांच कर रही पुलिस के हाथ एक अहम सीसीटीवी फुटेज लगा है। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि शिवा के बिल्डिंग से गिरने के बाद रश्मि दुबे ने मदद के लिए अपने दोस्त आमिर को फोन किया था।

अस्पताल से मिले सीसीटीवी फुटेज में आमिर शेख (काली टी-शर्ट पहने हुए) आरोपी ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर के साथ नजर आ रहा है। इस फुटेज के सामने आने के बाद पुलिस अब उन सभी लोगों की कुंडली खंगाल रही है, जो घटना के तुरंत बाद आरोपियों के संपर्क में आए थे या जिन्होंने किसी भी स्तर पर उनकी मदद की है।