क्या कांग्रेस छोड़ रहे हैं अजय राय? पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने दिए बड़े संकेत
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के लखनऊ स्थित मुख्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थकों और पार्षद ममता चौधरी के बीच हुए जोरदार हंगामे के बाद यूपी की सियासत गरमा गई है। अध्यक्ष पद से मुक्त होने के ठीक बाद पार्टी दफ्तर में हुए इस विवाद और अजय राय के सख्त तेवर को देखकर सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि क्या वह यूपी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का साथ छोड़कर बीजेपी (BJP) या किसी अन्य दल में शामिल हो सकते हैं?
इन तमाम अटकलों और दावों के बीच अब तस्वीर पूरी तरह से साफ होती दिख रही है।
बीजेपी में जाने का कोई प्लान नहीं, कांग्रेस में ही रहेंगे अजय राय
ममता चौधरी के साथ हुए विवाद के बाद अजय राय पिछले दो दिनों से अपने गृह जिले वाराणसी में ही मौजूद हैं। हालांकि उन्होंने मीडिया से बातचीत करने से पूरी तरह दूरी बना रखी है, जिससे उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर कयासबाजी और तेज हो गई थी।
लेकिन, पार्टी के अंदरूनी सूत्रों और कार्यकर्ताओं से मिली जानकारी के मुताबिक, अजय राय कांग्रेस पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं। फिलहाल उनकी तरफ से बीजेपी या किसी भी अन्य दल में शामिल होने पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है।
कहा जा रहा है कि वाराणसी में लगातार अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात कर रहे अजय राय ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनका बीजेपी में जाने का कोई प्लान नहीं है। वह कांग्रेस पार्टी में ही रहकर तानाशाही सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए जमीनी स्तर पर काम करेंगे और उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।
मीडिया से बनाई पूरी तरह दूरी, पिंडरा से ठोकेंगे चुनावी ताल
लखनऊ के हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद वाराणसी स्थित अपने आवास पर मौजूद अजय राय से मीडिया ने लगातार संपर्क करने और उनकी प्रतिक्रिया जानने का प्रयास किया है, लेकिन उन्होंने मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी है। उनकी इसी खामोशी ने दलबदल की अफवाहों को हवा दी थी।
हालांकि, अब यह तय माना जा रहा है कि वह कांग्रेस के बैनर तले ही अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेंगे। इसके साथ ही, जानकारी यह भी है कि अजय राय ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस ली है और वे वाराणसी की पिंडरा (Pindra) विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारियों में जोर-शोर से जुट गए हैं।
