25 लाख नौकरी, 300 यूनिट बिजली फ्री, जातिगत जनगणना; जानिए सपा के बड़े वादे

akhilesh

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने इस घोषणा पत्र में युवाओं और जेन-जी (Gen-Z) वर्ग को केंद्र में रखते हुए रोजगार, भत्ते और शिक्षा से जुड़े कई बड़े वादे किए हैं।

सपा के घोषणा पत्र के अनुसार, सरकार बनने पर अगले पांच वर्षों में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी और 2 से 3 करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 5 रुपये में भोजन देने के लिए समाजवादी कैंटीन शुरू करने का भी ऐलान किया गया है।

युवाओं, रोजगार और AI प्रशिक्षण पर फोकस

घोषणा पत्र में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी सरकारी विभागों के रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरने और भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करने का वादा किया गया है। पार्टी ने पेपर लीक व परीक्षा अनियमितताओं पर रोक लगाने और समय पर परीक्षाएं कराने की बात कही है।

रोजगार और कौशल विकास से जुड़े प्रमुख वादे:

  • मासिक भत्ता: नौकरी मिलने तक बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये पोषण भत्ता दिया जाएगा।

  • कौशल विकास और MSME: हर साल 5 लाख युवाओं को कौशल विकास केंद्रों से प्रशिक्षित करने और MSME सेक्टर के जरिए 2032 तक एक करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।

  • AI और नई तकनीक: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से प्रभावित होने वाले युवाओं को नई तकनीक का प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

  • अग्निवीर के विकल्प और छात्राएं: अग्निवीर योजना के विरोध में राज्य पुलिस व अन्य विभागों में युवाओं को रोजगार देने और छात्राओं के लिए तहसील स्तर पर कौशल विकास व करियर परामर्श केंद्र खोलने का ऐलान किया गया है।

जातिगत जनगणना और PDA एजेंडा

सामाजिक न्याय के एजेंडे के तहत समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में जातिगत जनगणना कराने का वादा किया है। घोषणा पत्र में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग के सामाजिक व आर्थिक विकास को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।

पार्टी ने अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के उत्थान के लिए बजट का 20 फीसदी हिस्सा खर्च करने का वादा किया है। निजी स्कूलों में आरक्षित वर्ग के छात्रों की फीस सरकार द्वारा जमा किए जाने और सरकारी ठेकों व लाभार्थी योजनाओं में गरीब तथा शोषित वर्गों को आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने का भी जिक्र है। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही गई है।

कल्याणकारी योजनाएं, मजदूर और वरिष्ठ नागरिक

सपा ने PDA, महिलाओं और गरीबों के लिए समाजवादी कैंटीन खोलने की घोषणा की है, जहां 5 रुपये में थाली उपलब्ध होगी। बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40,000 रुपये पेंशन देने का वादा किया गया है।

प्रवासी मजदूरों के लिए हेल्पलाइन शुरू करने के साथ अनुसूचित जनजाति और अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों के लिए अलग-अलग बोर्ड बनाने की बात कही गई है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम लाने, वृद्धाश्रम व क्लब बनाने तथा दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल के साथ सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की सुविधाएं देने का वादा भी घोषणा पत्र में शामिल है।