सपा का घोषणा पत्र जारी, 25 लाख रोजगार और 40 हजार पेंशन का वादा

sapa

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया है। सपा ने इस चुनावी अभियान को ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रण-पत्र’ नाम दिया है, जिसकी थीम ‘हर हाथ को काम, हर किसान को दाम, महिलाओं को सम्मान और कानून का मान’ रखी गई है।

पार्टी ने घोषणा पत्र के जरिए पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को मजबूत करने का दावा किया है। अखिलेश यादव के अनुसार, राज्यस्तरीय घोषणा पत्र के साथ हर जिले के लिए अलग मैनिफेस्टो तैयार किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय जरूरतों, बुनियादी सुविधाओं और क्षेत्रीय समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा शहरों की जरूरतों और आधी आबादी के लिए भी अलग घोषणा पत्र लाने की बात कही गई है।

रोजगार, भत्ता और पेंशन से जुड़े वादे

घोषणा पत्र में रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई घोषणाएं शामिल हैं। सपा के मुताबिक, पांच साल में 25 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और जब तक ग्रेजुएट युवाओं को रोजगार नहीं मिल पाता, तब तक उन्हें 5,000 रुपये महीने भत्ता दिया जाएगा।

महिलाओं के लिए 40,000 रुपये सालाना पेंशन देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा पुरानी पेंशन लागू करने, शिक्षामित्रों का वेतन बढ़ाने व उन्हें परमानेंट करने, तथा युवाओं के लिए फिर से लैपटॉप योजना शुरू करने का वादा किया गया है।

शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान और कानून-व्यवस्था

सपा के घोषणा पत्र में निशुल्क स्वास्थ्य, एंबुलेंस और फ्री शिक्षा के साथ बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों को फिर से शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। पीडीए वर्ग के छात्रों के लिए विशेष राज्य शिक्षा नीति लाने और समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर देने की बात कही गई है।

भर्तियों को लेकर कहा गया है कि सभी विभागों में भर्ती की जाएगी और पेपर लीक रोकने के लिए नीतियां बनेंगी। जिन भर्तियों में एक परीक्षा होगी, उन्हें तीन महीने में और दो परीक्षा वाली भर्तियों को छह महीने में पूरा करने का दावा किया गया है।

किसानों के लिए लोन माफ करने और गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे में करने की बात कही गई है। प्रदेश में समाजवादी कैंटीन शुरू करने का वादा भी किया गया है, जहां गरीबों को 5 रुपये में खाना मिलेगा। नए गांव बसाने—जिनमें स्ट्रीट लाइट, बिजली, पक्की सड़कें और वाई-फाई जैसी सुविधाएं होंगी—तथा गांवों को इंटरनेट से जोड़ने का जिक्र है। जातिगत जनगणना कराने, यशभारती सम्मान को अधिक राशि के साथ फिर शुरू करने, कानून-व्यवस्था के लिए जीरो टॉलरेंट पॉलिसी व एआई आधारित तकनीक के इस्तेमाल, महिला सुरक्षा और फास्ट ट्रैक अदालतों से त्वरित न्याय दिलाने के प्रयासों की बात भी घोषणा पत्र में शामिल है।

पुराने कामों का जिक्र और संविधान दिवस पर बयान

घोषणा पत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते लखनऊ को बसाने का काम हुआ और सबसे ज्यादा निवेश आया। उनके मुताबिक, मेदांता सिटी या मेदांता अस्पताल, वर्ल्ड क्लास स्टेडियम, लुलू मॉल, रिवर फ्रंट, एचसीएल और आईटी सिटी जैसे काम बिना घोषणा पत्र में शामिल हुए भी समाजवादी सरकार ने किए।

संविधान दिवस का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि देश संविधान से चलेगा, मनविधान से नहीं। उन्होंने संविधान में किसी कथित गलत संशोधन की आशंका के खिलाफ पीडीए समाज के एकजुट होने की चेतावनी दी और कहा कि अब तक पीडीए ने दूसरों की सरकार बनाई है, लेकिन अब वह अपनी सरकार बनाने जा रही है।