पंजाब चुनाव से पहले BJP और अकाली दल में फिर होगा गठबंधन, दिल्ली में दोपहर 1 बजे औपचारिक ऐलान
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) एक बार फिर अपना पुराना गठबंधन बहाल करने जा रहे हैं। दोनों दल आज दोपहर एक बजे दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे।
इस संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के शामिल होने की संभावना है।
कृषि कानूनों के विरोध में 2020 में टूटा था गठबंधन
बीजेपी और अकाली दल का पुराना गठबंधन सितंबर 2020 में टूट गया था। उस समय केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने एनडीए (NDA) से अलग होने का फैसला किया था।
इसी विरोध के तहत अकाली दल की वरिष्ठ नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानूनों को वापस ले लिया था।
2022 में अलग लड़कर दोनों दलों का प्रदर्शन रहा था कमजोर
गठबंधन टूटने के बाद बीजेपी और अकाली दल ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था। राज्य की कुल 117 विधानसभा सीटों में से शिरोमणि अकाली दल केवल तीन सीटें जीत सका था, जबकि बीजेपी के हिस्से में दो सीटें आई थीं।
अमित शाह पहले ही दे चुके थे संकेत
दोनों दलों के दोबारा साथ आने के संकेत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही दे चुके थे। पिछले महीने दिल्ली में उन्होंने गठबंधन को लेकर इशारा किया था।
इसके बाद एक नवंबर को अपने चंडीगढ़ दौरे के दौरान अमित शाह ने कहा था कि पंजाब में एनडीए की सरकार बनेगी। अब दिल्ली में होने वाली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ दोनों दलों के दोबारा साथ आने पर आधिकारिक मुहर लगने जा रही है।
