पाकिस्तान में नए राज्यों के प्रस्ताव पर भड़का विरोध: सिंध में सड़कों पर उतरे लोग, बिलावल भुट्टो ने दी खून-खराबे की चेतावनी

asim munir

पाकिस्तान में शहबाज शरीफ सरकार की ओर से देश के चार बड़े प्रांतों को 12 से 15 छोटे राज्यों में बांटने की योजना पर सिंध में भारी विरोध शुरू हो गया है। लोग सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं और अलग ‘सिंधुदेश’ की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।

सरकार इस बंटवारे को आम लोगों की भलाई के लिए जरूरी बता रही है, जबकि प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह सेना की ताकत बढ़ाने की कोशिश है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) और इसके प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी ने भी सरकार के इस प्रस्ताव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

बिलावल भुट्टो की चेतावनी और कराची में रैली

बिलावल भुट्टो जरदारी ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि सिंध के लोगों की इच्छा के खिलाफ प्रांत का बंटवारा किया गया, तो कराची में खून-खराबा होगा। उन्होंने कहा कि विरोध की आग हैदराबाद, मीरपुर खास, टांडो अल्लाहयार और नवाबशाह तक फैलेगी। उनके मुताबिक, नए प्रांत संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत बनाए जाने चाहिए; किसी एक प्रांत के टुकड़े करके नया निर्माण करने की योजना बंटवारा कहलाएगी, जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इससे पहले 22 नवंबर को कराची में जेय सिंध रहबर कमेटी ने रैली आयोजित की, जिसमें सिंध के नेताओं, वकीलों, कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों ने हिस्सा लिया। रैली में सिंध को बांटने के प्रस्ताव और इसे लेकर प्रस्तावित जनमत संग्रह को खारिज कर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वे किसी जाति या भाषा के विरोधी नहीं हैं, लेकिन जाति या भाषा के आधार पर बंटवारा मंजूर नहीं होगा। रैली से चेतावनी दी गई कि पाकिस्तान पहले ही दो बंटवारे देख चुका है और तीसरा बंटवारा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

14 नए राज्यों का प्रस्ताव और सियासी समीकरण

जुलाई 2026 में शहबाज शरीफ सरकार ने इस संबंध में संसद में प्रस्ताव पेश किया था। गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस्लामाबाद में एक सम्मेलन के दौरान कहा था कि पाकिस्तान के कई प्रांत जनसंख्या के लिहाज से बहुत बड़े हैं और अब उन्हें छोटा कर नए राज्य बनाने का समय आ गया है। नकवी को सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का करीबी माना जाता है, जिसके चलते इस योजना को सेना का प्रभाव बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

पाकिस्तान के प्लानिंग मिनिस्टर अहसान इकबाल भी 12 से 15 नए राज्यों की जरूरत बता चुके हैं और इसके लिए राजनीतिक सहमति बनाने के संकेत दिए हैं। इकबाल के अनुसार, प्रांतों की संख्या 4 से बढ़ाकर 18 की जा सकती है। इस खाके में 14 नए राज्य बनाए जाएंगे, जिसके तहत पंजाब और सिंध को 4-4, जबकि खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान को 3-3 हिस्सों में बांटा जा सकता है। अभी पाकिस्तान में पंजाब (लाहौर), सिंध (कराची), खैबर पख्तूनख्वा (पेशावर) और बलूचिस्तान (क्वेटा) चार प्रांत हैं, जबकि इस्लामाबाद संघीय राजधानी है और गिलगित-बल्तिस्तान व पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) प्रशासनिक क्षेत्र हैं। सिंध भुट्टो और जरदारी परिवार का गढ़ है जहां PPP मजबूत है, जबकि MQM-P यहां अपनी अलग सरकार चाहती है।

संवैधानिक अड़चन और सिंध विधानसभा का रुख

पाकिस्तान के संविधान के अनुच्छेद 239 के तहत नए राज्य का प्रस्ताव पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों के कुल सदस्यों का दो-तिहाई समर्थन जरूरी है। इसके अलावा अनुच्छेद 239(4) के अनुसार किसी प्रांत की सीमा बदलने के लिए उस राज्य की विधानसभा के कुल सदस्यों का दो-तिहाई बहुमत भी अनिवार्य है।

इस नियम के तहत सिंध को चार हिस्सों में बांटने के लिए विधानसभा के 168 सदस्यों में से 112 का समर्थन चाहिए। प्रांत के बंटवारे का प्रस्ताव पेश होने से पहले ही 3 सितंबर को सिंध विधानसभा ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर प्रांत को बांटने या उसकी सीमाओं में किसी भी बदलाव को खारिज कर दिया था। विधानसभा ने साफ कहा था कि सिंध एक है और एक ही रहेगा।

क्या है सिंधुदेश की मांग की पृष्ठभूमि

सिंधुदेश का नारा नया नहीं है। सिंध के राष्ट्रवादी नेता जीएम सैयद ने 1972 में ‘जिए सिंध महाज’ की स्थापना की थी। 1971 में बांग्लादेश के गठन के बाद इस विचार को बल मिला और 1974 में उन्होंने अपनी किताब ‘ए नेशन इन चेन्स: सिंधुदेश’ में अलग देश का खाका पेश किया था।

अब ‘जेय सिंध मुत्तहिदा महाज’ की ओर से अलग देश की मांग उठाई जा रही है। 17 नवंबर को बर्लिन से एक बयान जारी कर शफी बुरफत ने कहा कि यदि सिंध पाकिस्तान का हिस्सा बना रहा, तो अलग सिंधी देश के अस्तित्व पर खतरा बना रहेगा। उन्होंने स्वतंत्र सिंधुदेश की मांग करते हुए संयुक्त राष्ट्र से इसे मान्यता देने की अपील की है।