कभी पश्चिमी यूपी की सियासत संभालते थे आजम, अब ‘दगी हुई गोली’ वाला तंज क्यों?
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव और वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के बीच सबकुछ ठीक न होने का दावा किया है। राजभर ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा कर दोनों नेताओं के मौजूदा संबंधों और मुस्लिम समुदाय को लेकर सपा के रवैये पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए राजभर ने लिखा, “कहीं आपको भी तो नहीं लगने लगा है कि ‘चचाजान दग चुकी हुई गोली’ बन चुके हैं? आपके यही चचाजान कभी आपके सैफई सिंडिकेट के लिए पश्चिमी यूपी का पूरा पॉलिटिकल अंडरवर्ल्ड संभालते थे!”
जेल से बाहर आने के बाद मुलाकात न होने का जिक्र
अपने सोशल मीडिया पोस्ट की शुरुआत ‘सुबह की राधे-राधे’ से करते हुए राजभर ने आजम खान के जेल से बाहर आने के बाद अखिलेश यादव की कथित दूरी पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि आजम खान कुछ दिनों के लिए जेल से बाहर आए हैं, लेकिन ऐसा लग रहा है जैसे अखिलेश यादव को इससे कोई खास खुशी नहीं हुई।
राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने अब तक आजम खान से दुआ-सलाम नहीं की, उनसे मिलने का समय नहीं निकाला और न ही मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें लखनऊ आमंत्रित किया। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “जब आप अपने पिताजी और सगे चच्चू को कुछ नहीं समझे, तो नेतागीरी वाले रामपुरी चचा का क्या ही कहना। वो तो फिर भी ‘दूर वाले’ हैं।”
सपा के MY समीकरण पर साधा निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के ‘एम-वाई’ (MY) समीकरण को लेकर अखिलेश यादव पर मुस्लिमों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, “असल में अपने जिस एम-वाई समीकरण को आप ‘भाईचारा’ कहते हैं, उसमें ‘भाई’ के रूप में आपके पास आपके कंसवादी लोग ही ‘स्थाई’ हैं। बस ‘चारा’ का चेहरा बदलता रहता है, कभी आजम थे, अब कोई और हो गया है।”
आजम खान की राजनीति और ‘ओवैसी-चंद्रशेखर’ को लेकर चेतावनी
आजम खान की राजनीति खत्म होने का दावा करते हुए राजभर ने सरकारी कर्मचारियों को लेकर उनके पुराने ‘तनखइया’ वाले बयान का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि आज वे ‘दगे हुए कारतूस’ बने घूम रहे हैं और सुनने में आया है कि इंटरव्यू देकर कह रहे हैं कि कोई सही दाम दे तो वे ‘बिकने’ को तैयार हैं।
पोस्ट के अंत में राजभर ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की ओर इशारा करते हुए अखिलेश यादव को आगाह किया। उन्होंने लिखा, “वैसे आप संभल के रहिएगा, खान साहब को खरीदने के लिए मार्केट में दाढ़ी वाला और मूंछवाला पहले से ही ललचाए घूम रहे हैं। बिक गए तो फिर ना कहिएगा कि आपके मित्र ने बताया नहीं।” राजभर ने अपना पोस्ट ‘जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय परशुराम, जय महाराजा सुहेलदेव’ के साथ समाप्त किया।
